बैतूल बाजार के शासकीय सांदीपनि कृषि स्कूल में पुलिस-शिक्षा विभाग का संयुक्त जागरूकता कार्यक्रम
देवी नाथ लोखंडे सह संपादक पुलिस दर्पण दक्षिण मध्य प्रदेश
बैतूल। विद्यार्थियों को कानून, साइबर सुरक्षा, महिला एवं बाल संरक्षण तथा जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से गुरुवार को बैतूल बाजार स्थित शासकीय सांदीपनि कृषि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में ‘सृजन संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम मध्यप्रदेश पुलिस एवं स्कूल शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान तथा UNFPA के तकनीकी सहयोग से आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती पूजन के साथ हुआ।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन ने विद्यार्थियों को अनुशासन, नैतिक मूल्यों, कानून के सम्मान और जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश देते हुए कहा कि युवा पीढ़ी जागरूक होगी तो समाज सुरक्षित और सशक्त बनेगा। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपुसे ने ‘सृजन संवाद’ की अवधारणा एवं उद्देश्य पर विस्तार से प्रकाश डाला।
जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से प्राचार्य एल.एल. लिल्हौरे ने विद्यार्थियों को कैरियर मार्गदर्शन दिया, जबकि प्रभारी प्राचार्य आर.के. मालवीय ने साइबर सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी। टीओटी प्रशिक्षित शिक्षक रमेश कुमार पिंजारे एवं दशरथ गावंडे ने “मैं, मेरे अधिकार और मेरी जिम्मेदारी” विषय पर विद्यार्थियों को उनके अधिकारों और कर्तव्यों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में यातायात प्रभारी निरीक्षक गजेन्द्र केन ने सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी दी। निरीक्षक कविता नागवंशी ने महिला सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर प्रकाश डाला, जबकि उपनिरीक्षक रश्मि ठाकुर ने बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम एवं जेजे एक्ट की जानकारी दी।
साइबर सेल के आरक्षक दीपेन्द्र सिंह ने विद्यार्थियों को डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, साइबर हेल्पलाइन 1930 तथा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल के बारे में जानकारी देते हुए किसी भी साइबर अपराध की तत्काल सूचना पुलिस को देने की अपील की।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों को थाना बैतूल बाजार का भ्रमण कराया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक विजयसिंह ठाकुर ने उन्हें एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया, थाना संचालन, मालखाना, पुलिस की कार्यप्रणाली तथा डायल-112 आपातकालीन सेवा की विस्तृत जानकारी दी। विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया और उन्हें बताया गया कि किसी भी आपात स्थिति में डायल-112 के माध्यम से तत्काल पुलिस सहायता प्राप्त की जा सकती है।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षक पुरुषोत्तम देशमुख ने किया। इस अवसर पर डीएसपी दिनेश सिंह मर्सकोले, उपनिरीक्षक श्यामलाल पाटिल, शिक्षा एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

