10 दिन तक न मोबाइल, न बातचीत… उज्जैन में लगेगा अनूठा ‘मौन साधना शिविर

पूज्य जिनचंद्र सूरिजी महाराज के सानिध्य में जावरा से उज्जैन तक आध्यात्मिक महोत्सव, गुरु पूर्णिमा से पहले ध्यान, तप और आत्म-चिंतन का महासंगम। देशभर से जुटेंगे सैकड़ों साधक ।

महिदपुर | पुलिस दर्पण

मालवा की पावन धरती इस वर्ष अध्यात्म, तप और आत्म-जागरण के एक विराट आयोजन की साक्षी बनने जा रही है। खरतर गच्छाधिपति जैनाचार्य 1008 श्री पूज्य जिनचंद्र सूरिजी महाराज साहब के सानिध्य में जावरा और उज्जैन में आयोजित होने वाले आध्यात्मिक महोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह है। देशभर से सैकड़ों साधक इस आयोजन में शामिल होकर ध्यान, तप और आत्म-साधना की राह पर अग्रसर होंगे।

जावरा में तीन दिन का आध्यात्मिक महोत्सव

27 से 29 जुलाई तक रतलाम जिले के जावरा स्थित अंबिका रिसोर्ट में तीन दिवसीय विशेष कार्यक्रम आयोजित होगा।

27 जुलाई: लगभग 100 बाल साधकों के लिए विशेष बाल ध्यान सत्र, जहां नई पीढ़ी को संस्कार और ध्यान की शिक्षा दी जाएगी।

28 जुलाई: सुप्रसिद्ध गायक पिंटू स्वामी की भव्य भजन संध्या तथा स्वतंत्रता सेनानी एवं यति श्री यतनलाल जी महाराज के जीवन पर आधारित डिजिटल लघु नाटिका का मंचन होगा।

29 जुलाई (गुरु पूर्णिमा): पूज्य गुरुदेव के विशेष प्रवचन, गुरु वंदन और आत्म-कल्याण पर प्रेरक संदेश श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान करेंगे।

उज्जैन में 10 दिन का ‘डिजिटल डिटॉक्स’ और मौन साधना

5 से 16 अगस्त तक उज्जैन-देवास रोड स्थित अंतराय रिसोर्ट में आयोजित होने वाला ‘सत्य ध्यान साधना शिविर’ इस पूरे आयोजन का सबसे खास आकर्षण रहेगा।
शिविर में शामिल होने वाले 150 से 200 साधकों के लिए 10 दिनों तक मोबाइल फोन का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। साधक पूर्ण मौन का पालन करते हुए ध्यान, स्वाध्याय, अनुशासित दिनचर्या और आध्यात्मिक अभ्यास के माध्यम से आत्मिक शांति और ऊर्जा का अनुभव करेंगे।
आयोजकों का कहना है कि आज की भागदौड़ और डिजिटल जीवनशैली के बीच यह शिविर लोगों को स्वयं से जुड़ने, मानसिक शांति पाने और आत्म-चिंतन का दुर्लभ अवसर प्रदान करेगा।
यह आयोजन केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि आत्म-परिवर्तन, अनुशासन और आध्यात्मिक जागरण का महाअभियान माना जा रहा है, जिसमें देशभर से बड़ी संख्या में साधकों के शामिल होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!