जबलपुर। पुलिस दर्पण
जबलपुर। जबलपुर पुलिस ने साइबर तकनीक का प्रभावी उपयोग करते हुए 134 गुम मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंपे हैं। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 23 लाख रुपये बताई गई है। यह कार्रवाई CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल के माध्यम से की गई।
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय (भा.पु.से.) के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (अपराध) जितेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन में जबलपुर पुलिस की टीम ने गुम हुए मोबाइल फोनों को सफलतापूर्वक ट्रेस कर संबंधित आवेदकों को सुपुर्द किया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने नागरिकों से अपील की कि यदि मोबाइल फोन गुम हो जाए तो तुरंत संबंधित थाने में शिकायत दर्ज कराएं और CEIR पोर्टल पर भी पंजीकरण कराएं, जिससे मोबाइल को ट्रेस करने में सहायता मिल सके।
साइबर अपराधों को लेकर पुलिस ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार होता है या किसी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की जानकारी मिलती है, तो तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें, cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें या जबलपुर साइबर सेल हेल्पलाइन 7701050010 पर संपर्क करें।
पुलिस ने नागरिकों को यह भी सलाह दी कि Telegram, WhatsApp या अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर मिलने वाले निवेश संबंधी झांसे में न आएं, किसी भी अज्ञात APK फाइल को डाउनलोड या इंस्टॉल न करें तथा बैंक खाते, ओटीपी, पासवर्ड या अन्य व्यक्तिगत जानकारी किसी के साथ साझा न करें।
जबलपुर पुलिस का संदेश:
“सतर्क रहें, सजग रहें, सुरक्षित रहें।”

