हवाई फायरिंग के वायरल वीडियो का पिस्टल सप्लायर गिरफ्तार, गिट्टी-पत्थरों के नीचे छिपाई थी पिस्टल

जबलपुर। पुलिस दर्पण

जबलपुर। माढ़ोताल थाना क्षेत्र में सार्वजनिक सड़क किनारे पिस्टल से हवाई फायरिंग का वीडियो वायरल होने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई आगे बढ़ाते हुए कथित तौर पर हथियार उपलब्ध कराने वाले आरोपी जब्बार उर्फ मामू खान को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर पाटन बाईपास सर्विस रोड किनारे गिट्टी-पत्थरों के नीचे पॉलीथीन में छिपाकर रखी गई एक पिस्टल और एक कारतूस बरामद करने का दावा किया है।

पुलिस के अनुसार कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर हवाई फायरिंग का वीडियो वायरल हुआ था। वीडियो में टगर माढ़ोताल स्थित मरघटाई के पास सड़क किनारे रितिक जायसवाल पिस्टल से फायर करता दिखाई दिया था, जबकि उसका साथी प्रथम सिंह राजपूत भी मौके पर मौजूद था। वीडियो की तस्दीक के बाद माढ़ोताल पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध आर्म्स एक्ट और बीएनएस की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया।

पूछताछ में रितिक ने पुलिस को बताया कि कथित तौर पर उसने उक्त पिस्टल 3-4 माह पहले हनुमानताल निवासी जब्बार से ली थी और घटना से दो दिन पहले उसे वापस कर दी थी। इसके बाद पुलिस जब्बार की तलाश में जुटी थी। पुलिस के मुताबिक 16 सितंबर की रात मुखबिर की सूचना पर कृषि उपज मंडी के पास दबिश देकर जब्बार उर्फ मामू खान को अभिरक्षा में लिया गया। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर पाटन बाईपास सर्विस रोड किनारे से पिस्टल और एक कारतूस बरामद किया गया।

पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ कोतवाली, लार्डगंज, गोहलपुर और हनुमानताल थानों में पूर्व से 11 अपराध दर्ज हैं। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।कार्रवाई में उप निरीक्षक सुरेश सिंह, सहायक उप निरीक्षक विजय शुक्ला, प्रधान आरक्षक सचिन तथा आरक्षक विनय, कुनाल, राहुल और देवकी नंदन की भूमिका बताई गई है।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!