177 पेटी शराब-बीयर से भरी पिकअप का पुलिस ने किया पीछा, तस्कर दबोचा

नाकाबंदी तोड़कर भागी बिना नंबर की पिकअप, कुम्हार नाका पर घेराबंदी में एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरे की तलाश जारी।

रतलाम /आलोट। पुलिस दर्पण

अवैध शराब तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आलोट पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 177 पेटी शराब और बीयर से भरी बिना नंबर की पिकअप का पीछा कर एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया। जब्त किए गए माल की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, एसपी अमित कुमार के निर्देशन एवं एएसपी (ग्रामीण) विवेक कुमार लाल के मार्गदर्शन में आलोट थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम रीछा से आलोट की ओर एक बिना नंबर की लोडिंग पिकअप में अवैध शराब और बीयर ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मुनेंद्र गौतम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम खामरिया के बाहर नाकाबंदी कर दी।
कुछ देर बाद संदिग्ध पिकअप पहुंची। पुलिस ने वाहन रोकने का इशारा किया, लेकिन चालक तेज रफ्तार से वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस ने तत्काल पीछा किया। कुम्हार नाका क्षेत्र में चालक ने वाहन रोक दिया, जिसके बाद उसमें सवार दो आरोपी उतरकर भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर 26 वर्षीय प्रधान सिंह पिता विक्रम सिंह निवासी ग्राम रणायरा पीर, थाना झार्डा, जिला उज्जैन को पकड़ लिया, जबकि उसका साथी जसपाल सिंह पिता मोकम सिंह निवासी ग्राम फतेहगढ़, चौकी पिपलोन, थाना आगर, जिला आगर मालवा फरार हो गया।
वाहन की तलाशी लेने पर उसमें 110 पेटी शराब और 67 पेटी बीयर, कुल 177 पेटियां बरामद हुईं। पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से शराब के स्रोत, खरीद-फरोख्त के नेटवर्क और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है। कार्रवाई में एएसआई मोहन भाटी, प्रधान आरक्षक कृष्णपाल सिंह परिहार तथा आरक्षक ईश्वर सिंह, अभिनंदन, दीपक पाटीदार, लोकेन्द्र शर्मा, अनिल कुमार और थामस भाभर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!