1040 मामलों में जब्त मादक पदार्थों का एक साथ विनष्टीकरण, उज्जैन-रतलाम रेंज की बड़ी कार्रवाई
नीमच / पुलिस दर्पण
नशे के कारोबार पर बड़ी और निर्णायक कार्रवाई करते हुए एडीजी उज्जैन जोन के मार्गदर्शन में तथा डीआईजी रतलाम रेंज की अध्यक्षता में गठित ड्रग विनष्टीकरण समिति ने उज्जैन रेंज एवं रतलाम रेंज के विभिन्न जिलों में दर्ज 1040 प्रकरणों में जब्त किए गए लगभग 240 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थों का विधिवत विनष्टीकरण किया।
यह कार्रवाई मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के विरुद्ध पुलिस की सख्त नीति को दर्शाती है। निर्धारित कानूनी प्रक्रिया और सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए जब्त मादक पदार्थों को नष्ट किया गया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों की मौजूदगी में संपूर्ण प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ संपन्न हुई।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि प्रदेश में नशे के अवैध कारोबार पर लगातार प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी तथा मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। ड्रग विनष्टीकरण की इस बड़ी कार्रवाई से स्पष्ट संदेश गया है कि कानून के शिकंजे से बच पाना अब तस्करों के लिए आसान नहीं होगा।

