मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान में आमजन को सेवाएं देना सर्वोच्च प्राथमिकता: मुख्य सचिव

नीमच। पुलिस दर्पण

नीमच। मध्यप्रदेश के मुख्य सचिव अशोक कुमार वर्णवाल ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संभागायुक्तों, कलेक्टरों एवं वरिष्ठ अधिकारियों को मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के सफल संचालन के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान आमजन को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।

मुख्य सचिव ने बताया कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का संचालन 7 अगस्त 2026 से 8 जनवरी 2027 तक किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत प्रत्येक शुक्रवार को संभाग एवं जिला स्तर के अधिकारी क्षेत्र का भ्रमण कर शासन की विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा करेंगे।

उन्होंने निर्देश दिए कि भ्रमण के दौरान सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई तथा लोक सेवा गारंटी योजना के लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण किया जाए। साथ ही विकासखंड एवं ग्राम स्तरीय कार्यालयों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का मूल्यांकन भी किया जाएगा।

मुख्य सचिव श्री वर्णवाल ने कहा कि अभियान के दौरान मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव, विभागाध्यक्ष एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी जिलों का दौरा कर योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करेंगे, जिससे शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी रूप से पहुंच सके।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में कलेक्टर हिमांशु चंद्रा, सीईओ जिला पंचायत अमन वैष्णव, अपर कलेक्टर बी.एस. कलेश तथा डिप्टी कलेक्टर चंद्र सिंह धार्वे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!