28, 29 एवं 30 जून को पिलाई जाएगी पल्स पोलियो की दवा

जिलेभर में 28, 29 एवं 30 जून को पिलाई जाएगी पल्स पोलियो की दवा।
उमरिया / पुलिस दर्पण
दो बूंद हर बार – पोलियो पर जीत रहे बरकरार : कलेक्टर
जिले में 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को पोलियो जैसी गंभीर एवं आजीवन अपंगता का कारण बनने वाली बीमारी से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत 28 जून 2026 को मुख्य अभियान दिवस आयोजित किया जाएगा। इसके बाद 29 एवं 30 जून को मॉप-अप राउंड के माध्यम से ऐसे बच्चों को चिन्हित कर पोलियो की दवा पिलाई जाएगी, जो मुख्य दिवस पर छूट गए हों।
कलेक्टर श्रीमती राखी सहाय ने जिले के सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को निकटतम पोलियो बूथ पर अवश्य ले जाकर पोलियो रोधी दवा की दो बूंद अवश्य पिलवाएं तथा पोलियो मुक्त भारत के संकल्प को साकार करने में अपना सहयोग दें। उन्होंने कहा कि “दो बूंद हर बार – पोलियो पर जीत रहे बरकरार” का संदेश जन-जन तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. ऋचा गुप्ता ने बताया कि मुख्य अभियान दिवस पर जिलेभर में 840 पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं, जहां प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मी एवं स्वयंसेवक बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाएंगे। इसके अतिरिक्त बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन एवं अन्य प्रमुख आवागमन स्थलों पर 48 ट्रांजिट बूथ भी बनाए गए हैं, ताकि यात्रा कर रहे कोई भी पात्र बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक विकासखंड में मोबाइल टीमों का गठन किया गया है, जो दूरस्थ एवं दुर्गम क्षेत्रों सहित विशेष परिस्थितियों वाले स्थानों पर पहुंचकर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाएंगी। अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, शिक्षा विभाग तथा अन्य सहयोगी विभागों के अधिकारी-कर्मचारी समन्वय के साथ कार्य करेंगे, ताकि जिले का कोई भी पात्र बच्चा पोलियो रोधी खुराक से वंचित न रहे।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!