जिला प्रशासन द्वारा जल गंगा संवर्धन अभियान-2026, जनसहयोग से जल क्रांति

जनसहयोग से जल क्रांति: नीमच में 352 जल संरचनाओं का गहरीकरण, 7,500 किसानों को मिला उपजाऊ खेतों का लाभ

नीमच / पुलिस दर्पण
जिला प्रशासन नीमच द्वारा जल गंगा संवर्धन अभियान-2026 के तहत जनसहयोग से जल संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किया गया है। कलेक्टर श्री हिमांशु चन्द्रा एवं जिला पंचायत के सीईओ श्री अमन वैष्णव के निर्देशन में जिले की 243 ग्राम पंचायतों में व्यापक अभियान चलाकर जल संरचनाओं का गहरीकरण कराया गया।

अभियान के तहत 400 तालाब, चेकडैम, स्टॉप डैम एवं अन्य जल संरचनाओं को चिन्हित किया गया, जिनमें से 352 जल संरचनाओं का जनसहयोग से गहरीकरण किया गया। इस दौरान 1 लाख 10 हजार ट्रैक्टर-ट्रॉली मिट्टी निकाली गई, जिसका उपयोग 7,500 से अधिक किसानों ने अपने खेतों में कर नए खेत तैयार करने और भूमि की उर्वरता बढ़ाने में किया।

जिला पंचायत के परियोजना अधिकारी श्री सुशील दौराया ने बताया कि इस अभियान में 6,500 से अधिक ग्रामीणों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। गहरीकरण के परिणामस्वरूप जल संरचनाओं की जल भंडारण क्षमता लगभग 3.50 लाख घन मीटर बढ़ गई, जिससे वर्षा जल का अधिक प्रभावी संचयन संभव हो सकेगा।

उन्होंने बताया कि अभियान के तहत जिले में 682 खेत तालाबों का निर्माण, 1,915 डगवेल रिचार्ज कार्य, 18 अमृत सरोवरों का निर्माण, 350 जल संचयन संरचनाओं के कार्य तथा वाटरशेड परियोजनाओं के 60 कार्य भी पूर्ण किए गए हैं।

जिला प्रशासन की यह पहल जल संरक्षण के साथ-साथ किसानों की आय बढ़ाने, भूजल स्तर सुधारने और कृषि भूमि की उत्पादकता बढ़ाने की दिशा में एक प्रभावी एवं प्रेरणादायी मॉडल बनकर सामने आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!