मध्यप्रदेश पुलिस की गुणवत्तापूर्ण एवं जनोन्मुखी पुलिसिंग को नई पहचान

भोपाल, सिवनी, छिंदवाड़ा और अलीराजपुर की विभिन्न पुलिस इकाइयों को मिला ISO 9001:2015 प्रमाणन

भोपाल, 28 अक्टूबर 2026। मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा पुलिस थानों एवं कार्यालयों की कार्यप्रणाली को अधिक सुव्यवस्थित, पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण और जनोन्मुखी बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में अक्टूबर माह के दौरान भोपाल, सिवनी, छिंदवाड़ा और अलीराजपुर जिलों की विभिन्न पुलिस इकाइयों को ISO 9001:2015 गुणवत्ता प्रबंधन प्रणाली के अंतर्गत प्रमाणन प्राप्त हुआ है।

यह उपलब्धि पुलिस व्यवस्था में निर्धारित गुणवत्ता मानकों को लागू करने, अभिलेखों के बेहतर संधारण, आधारभूत सुविधाओं में सुधार और आम नागरिकों को बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

भोपाल: चार थानों और एडिशनल डीसीपी कार्यालय को प्रमाणन

भोपाल पुलिस कमिश्नरेट के अंतर्गत थाना बागसेवनिया, अशोका गार्डन, कोलार और खजूरी के साथ एडिशनल डीसीपी कार्यालय जोन-3 को ISO 9001:2015 प्रमाणपत्र प्राप्त हुआ है।

इन पुलिस इकाइयों में थानों के जीर्णोद्धार, पुराने अभिलेखों के व्यवस्थित संधारण, पुलिसकर्मियों एवं आमजन के लिए बेहतर बैठने की व्यवस्था, परिसर के सौंदर्यीकरण और जनसुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया गया है। इससे पहले थाना मिसरोद, रातीबड़ और महिला थाना भोपाल को भी ISO प्रमाणन मिल चुका है।

सिवनी: कोतवाली और महिला थाना को मिला ISO प्रमाणपत्र

सिवनी जिले के थाना कोतवाली और महिला थाना को ISO 9001:2015 गुणवत्ता प्रबंधन प्रणाली के अंतर्गत प्रमाणित किया गया है। इन इकाइयों में अपराधों के प्रबंधन एवं नियंत्रण, कानून-व्यवस्था बनाए रखने, जनशांति, मालखाने की सुव्यवस्थित व्यवस्था, आधारभूत सुविधाओं और जनहितकारी पुलिस गतिविधियों के संचालन को निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप विकसित किया गया है।

इस अवसर पर वरिष्ठ अधिकारियों ने थाना कोतवाली का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं, अभिलेखों के संधारण और उपलब्ध संसाधनों का जायजा भी लिया।

छिंदवाड़ा: उमरानाला चौकी बनी जिले की पहली ISO प्रमाणित पुलिस चौकी

छिंदवाड़ा जिले में थाना मोहखेड़ के अंतर्गत आने वाली चौकी उमरानाला को ISO 9001:2015 प्रमाणन प्राप्त हुआ है। यह जिले की पहली एवं एकमात्र ISO प्रमाणित पुलिस चौकी है।

इस उपलब्धि के पीछे चौकी की कार्यप्रणाली को निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप विकसित करने और स्थानीय नागरिकों को बेहतर, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने के प्रयास प्रमुख हैं।

अलीराजपुर: चार थानों सहित छह पुलिस इकाइयों को प्रमाणन

अलीराजपुर जिले में थाना उदयगढ़, आजादनगर, चांदपुर और नानपुर के अलावा रक्षित केंद्र अलीराजपुर तथा पुलिस अधीक्षक कार्यालय अलीराजपुर को ISO 9001:2015 प्रमाणन प्राप्त हुआ है।

इन इकाइयों में कार्यालयीन कार्यप्रणाली को व्यवस्थित बनाने, अभिलेखों के उचित संधारण, आधारभूत सुविधाओं में सुधार और पुलिस सेवाओं को अधिक प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनाने के लिए किए गए प्रयासों को इस प्रमाणन के माध्यम से मान्यता मिली है।

मानकीकरण, पारदर्शिता और जवाबदेही पर जोर

मध्यप्रदेश पुलिस की ISO 9001:2015 प्रमाणन पहल का उद्देश्य केवल प्रमाणपत्र हासिल करना नहीं, बल्कि पुलिस इकाइयों की कार्यप्रणाली में मानकीकरण, जवाबदेही और निरंतर सुधार सुनिश्चित करना है। इसके अंतर्गत कार्यालयीन प्रक्रियाओं, अभिलेखों के रखरखाव, संसाधनों के व्यवस्थित उपयोग, आधारभूत सुविधाओं और नागरिकों को दी जाने वाली सेवाओं की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

इन प्रयासों से पुलिस व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, व्यवस्थित और नागरिक-केंद्रित बनाने के साथ आमजन का पुलिस के प्रति विश्वास मजबूत करने की दिशा में सकारात्मक पहल की जा रही है।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!