पुलिस मुख्यालय के चार सेवानिवृत्त कर्मचारियों को भावभीनी विदाई, विशेष पुलिस महानिदेशक ने किया सम्मानित

स्मृति चिह्न एवं पौधे भेंट कर स्वस्थ और सुखी जीवन की कामना की, स्वत्व भुगतान के आदेश भी सौंपे गए

भोपाल, 30 अक्टूबर 2026। मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय परिवार की ओर से अक्टूबर माह में सेवानिवृत्त हुए चार कर्मचारियों को शुक्रवार को भावभीनी विदाई दी गई। इस अवसर पर विशेष पुलिस महानिदेशक श्री पंकज श्रीवास्तव ने सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों को पौधे एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके स्वस्थ, सुखी एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही उन्हें विभिन्न स्वत्व (क्लेम) भुगतान के आदेश भी प्रदान किए गए।

नवीन पुलिस मुख्यालय भवन के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित विदाई समारोह में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक श्री सोलोमन यश कुमार मिंज सहित पुलिस मुख्यालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी तथा सेवानिवृत्त कर्मचारियों के परिजन उपस्थित रहे।

पुलिस मुख्यालय की विभिन्न शाखाओं से सेवानिवृत्त होने वालों में उप निरीक्षक, अ.अ.वि. शाखा श्रीमती फायजा बानो, उप निरीक्षक, महिला सुरक्षा शाखा श्री उमराव सिंह, प्रधान आरक्षक (चालक), विशेष शाखा श्री मुन्नीलाल अहिरवार तथा आरक्षक (अ), प्रबंध शाखा श्रीमती सुमित्रा थापा शामिल हैं।

समारोह में सहायक पुलिस महानिरीक्षक श्रीमती इरमीन शाह ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों के सेवाकाल एवं उनके द्वारा किए गए कार्यों की जानकारी दी। इस दौरान उपस्थित अधिकारियों ने कर्मचारियों की कर्तव्यनिष्ठा, मेहनत और समर्पण की सराहना करते हुए पुलिस विभाग में उनके योगदान को याद किया।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!