प्रदेश के विभिन्न जिलों और रेल पुलिस इकाइयों ने चोरी की कई वारदातों का किया खुलासा, शातिर चोर गिरफ्तार
भोपाल, 28 अक्टूबर 2026। मध्यप्रदेश पुलिस ने प्रदेशभर में संपत्ति संबंधी अपराधों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए विगत 10 दिनों में 1 करोड़ 24 लाख 51 हजार रुपये से अधिक की चोरी की संपत्ति जब्त की है। विभिन्न जिलों एवं रेल पुलिस इकाइयों द्वारा की गई इन कार्रवाइयों में चोरी की कई वारदातों का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
जब्त संपत्ति में नर्मदा नल-जल योजना के पाइप, सोने-चांदी के आभूषण, विद्युत तार, मोबाइल फोन, लैपटॉप, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, नकदी और अन्य सामान शामिल हैं। पुलिस द्वारा चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और अपराधियों की धरपकड़ के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
शाजापुर: 73.85 लाख रुपये के चोरी हुए पाइप जब्त
अवंतिपुर बड़ोदिया थाना पुलिस ने नर्मदा नल-जल योजना के पाइप चोरी होने के मामले का खुलासा करते हुए लगभग 73 लाख 85 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की। यह इस अवधि की प्रमुख कार्रवाइयों में से एक है।
रीवा: 23 लाख रुपये की संपत्ति बरामद
समान थाना पुलिस ने शहर में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए तीन संदिग्धों से पूछताछ की। कार्रवाई के दौरान सोना, नकदी और अन्य सामान सहित लगभग 23 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई।
जीआरपी: ट्रेन और रेलवे स्टेशनों पर चोरी की वारदातों का खुलासा
जीआरपी ग्वालियर ने ट्रेन एवं रेलवे स्टेशन पर ट्रॉली बैग चोरी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर विभिन्न कंपनियों के ट्रॉली बैग, लैपटॉप, चार मोबाइल फोन, आईपैड, मॉनिटर, घरेलू सामान और अन्य लगेज बरामद किए। जब्त संपत्ति का मूल्य लगभग 8 लाख 26 हजार 400 रुपये है।
वहीं, जीआरपी थाना रानी कमलापति पुलिस ने रेलवे स्टेशन पर चोरी की चार वारदातों का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से लगभग 4 लाख रुपये के मोबाइल फोन जब्त किए गए। दोनों कार्रवाइयों में कुल 12 लाख 26 हजार रुपये से अधिक की संपत्ति बरामद की गई।
सीहोर: 6.55 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण जब्त
मंडी थाना पुलिस ने चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए एक विधि-विरुद्ध बालक को अभिरक्षा में लिया। उसके कब्जे से लगभग 6 लाख 55 हजार रुपये के सोने-चांदी के आभूषण जब्त किए गए।
निवाड़ी: इनामी आरोपी पिता-पुत्र गिरफ्तार
निवाड़ी पुलिस ने ओरछा थाना क्षेत्र की नाराई नाका चौकी के अंतर्गत हुई घर में चोरी की घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें पिता-पुत्र शामिल हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से सोने की अंगूठी, झुमकी, टॉप्स, नाक की कील, सोने का ओम, चांदी की 12 जोड़ी पायल, 58 बिछिया, 42,500 रुपये नकद और मोबाइल फोन सहित लगभग 5 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की। मुख्य आरोपी के कब्जे से अवैध 315 बोर का कट्टा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया।
बैतूल: खेतों के मोटर पंपों से कॉपर वायर चोरी करने वाले गिरफ्तार
भैंसदेही एवं कोतवाली थाना क्षेत्रों में पुलिस ने चोरी की तीन वारदातों का खुलासा किया। खेतों में लगे मोटर पंपों से कॉपर वायर चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर तार, मोटरसाइकिल और चोरी में इस्तेमाल किए गए औजार सहित लगभग 1 लाख 80 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई।
देवास: 24 घंटे में चोरी की दो वारदातों का खुलासा
बागली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया। पुलिस ने चोरी की दो वारदातों का खुलासा कर लगभग 1 लाख 44 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की।
विदिशा और मंदसौर में भी कार्रवाई
विदिशा जिले के आनंदपुर थाना पुलिस ने विद्युत तार चोरी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 80 किलोग्राम विद्युत तार और 700 रुपये नकद सहित कुल 40,700 रुपये की संपत्ति बरामद की गई।
इसी प्रकार, मंदसौर जिले की पिपलियामंडी पुलिस ने लहसुन चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लगभग 20 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की।
चोरी के अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए अभियान जारी
मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संपत्ति संबंधी अपराधों में त्वरित कार्रवाई, आरोपियों की पहचान एवं गिरफ्तारी तथा चोरी की संपत्ति की बरामदगी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इन कार्रवाइयों से चोरी की घटनाओं में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के साथ नागरिकों की संपत्ति की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था के प्रति जनविश्वास मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है।

