नीमच। पुलिस दर्पण
नीमच। सिंगोली तहसील के धनगांव और कदवासा गांव में पिछले पांच दिनों से लोगों में दहशत का कारण बने दो विशालकाय मगरमच्छों को वन विभाग ने सफल रेस्क्यू अभियान चलाकर सुरक्षित पकड़ लिया। मगरमच्छों के पकड़े जाने के बाद दोनों गांवों के ग्रामीणों ने राहत की सांस ली और वन विभाग की त्वरित कार्रवाई की सराहना की।
जानकारी के अनुसार, धनगांव बस स्टैंड स्थित तलाई और कदवासा के बालापुरा नई आबादी क्षेत्र की तलाई में मगरमच्छ दिखाई देने से ग्रामीणों में भय का माहौल था। सूचना मिलते ही रतनगढ़ वन परिक्षेत्र की टीम मौके पर पहुंची और लगातार रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
वन परिक्षेत्र अधिकारी बापूलाल डायना ने बताया कि धनगांव की तलाई से तीन दिन की कड़ी मशक्कत के बाद पहले मगरमच्छ को पकड़ा गया, जबकि कदवासा में दूसरे मगरमच्छ को करीब पांच घंटे के विशेष अभियान के बाद सुरक्षित रेस्क्यू किया गया।
वन विभाग के अनुसार दोनों मगरमच्छों को शासकीय वाहन से चंबल नदी ले जाकर उनके प्राकृतिक आवास में सुरक्षित छोड़ा जाएगा, ताकि वन्यजीव संरक्षण के साथ ग्रामीणों की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो सके।
पूरे अभियान का नेतृत्व वन परिक्षेत्र अधिकारी बापूलाल डायना ने किया। इस दौरान वन विभाग की टीम के साथ स्थानीय ग्रामीणों ने भी सक्रिय सहयोग दिया। सफल रेस्क्यू के बाद क्षेत्र में सामान्य स्थिति लौट आई है और ग्रामीणों ने वन विभाग की तत्परता की सराहना की।

