फिलीपींस के फाइटर को हराकर सेमीफाइनल में पहुंचाया भारत का परचम

रुद्रप्रयाग का ‘रिंग वॉरियर’! चीन में अंगद बिष्ट का दमदार TKO

रुद्रप्रयाग /नई दिल्ली। पुलिस दर्पण
उत्तराखंड की वादियों से निकलकर अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का नाम रोशन करने वाले भारतीय MMA फाइटर अंगद बिष्ट ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। चीन में आयोजित अंतरराष्ट्रीय MMA प्रतियोगिता में अंगद ने फ्लाईवेट वर्ग के मुकाबले में फिलीपींस के जॉन अल्मांजा को टेक्निकल नॉकआउट (TKO) से हराकर सेमीफाइनल में शानदार प्रवेश किया।
रुद्रप्रयाग जिले के एक साधारण किसान परिवार से आने वाले अंगद बिष्ट की यह उपलब्धि केवल एक खिलाड़ी की जीत नहीं, बल्कि संघर्ष, अनुशासन और अटूट आत्मविश्वास की प्रेरक कहानी भी है। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने कठिन प्रशिक्षण और निरंतर मेहनत के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई।
देहरादून से अपने खेल करियर की शुरुआत करने वाले अंगद आज एक सफल MMA फाइटर होने के साथ-साथ अपना प्रशिक्षण केंद्र भी संचालित कर रहे हैं, जहां वे युवाओं को मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स की बारीकियां सिखाकर उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के लिए तैयार कर रहे हैं।
चीन में मिली इस महत्वपूर्ण जीत के बाद अब उनकी नजर सेमीफाइनल पर है, जहां उनका मुकाबला कोरिया के मजबूत फाइटर चाए डोंग से होने की संभावना है। खेल प्रेमियों को उम्मीद है कि अंगद अपने शानदार प्रदर्शन की लय बरकरार रखते हुए फाइनल का टिकट हासिल करेंगे।
अंगद बिष्ट की यह उपलब्धि उन युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो छोटे शहरों और गांवों से निकलकर बड़े सपने देखते हैं। उन्होंने साबित कर दिया है कि कड़ी मेहनत, समर्पण और आत्मविश्वास के बल पर दुनिया के किसी भी मंच पर सफलता हासिल की जा सकती है।
भारत के इस उभरते MMA स्टार अंगद बिष्ट को पूरे देश की ओर से शुभकामनाएं और सलाम।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!