देवास | पुलिस दर्पण न्यूज
देवास। जिले के लिए गर्व का क्षण है। जिले की तीन होनहार खिलाड़ी श्रुतिका जसोना, आस्था परमार और तनिष्का राव एशियन जंप रोप चैंपियनशिप-2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए चीन रवाना होंगी। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 30 जुलाई से 5 अगस्त 2026 तक चीन के झेजियांग प्रांत के शांग्यू (शाओशिंग) में आयोजित की जाएगी।
विदेश रवाना होने से पूर्व तीनों खिलाड़ियों ने देर रात पुलिस अधीक्षक श्री पुनीत गेहलोद से सौजन्य भेंट कर उनका आशीर्वाद और मार्गदर्शन प्राप्त किया। इस अवसर पर एसपी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।
एसपी पुनीत गेहलोद ने कहा कि तीनों खिलाड़ी पूरे आत्मविश्वास, अनुशासन और खेल भावना के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें तथा भारत, मध्यप्रदेश और देवास का नाम अंतरराष्ट्रीय मंच पर गौरवान्वित करें। उन्होंने कहा कि “देवास की बेटियां अपनी प्रतिभा, मेहनत और दृढ़ संकल्प के दम पर लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले की पहचान बना रही हैं। हमें विश्वास है कि वे एशियन चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन कर देश के लिए गौरव का क्षण लेकर लौटेंगी।”
इस दौरान खिलाड़ियों श्रुतिका जसोना, आस्था परमार और तनिष्का राव ने पुलिस अधीक्षक का आशीर्वाद प्राप्त कर उनका आभार व्यक्त किया और देश के लिए सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए पदक जीतकर लौटने का संकल्प दोहराया।
देवास की इन तीन प्रतिभाशाली बेटियों के चयन से जिले में खुशी का माहौल है। खेल प्रेमियों और नागरिकों ने उम्मीद जताई है कि वे एशियन जंप रोप चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर भारत का तिरंगा शान से लहराएंगी और देश के साथ-साथ मध्यप्रदेश एवं देवास का नाम भी रोशन करेंगी।

