छात्रावास, स्कूल और हाईवे के आसपास चल रहा नशे के कारोबार

अवैध शराब, एमडी ड्रग्स और अनधिकृत मेले को लेकर जनसुनवाई में शिकायत
अवैध गतिविधियों के खिलाफ पार्षद ने खोला मोर्चा

संवाद दांता बैतूल देवीनाथ लोखंडे

बैतूल। चिचोली नगर में कथित रूप से बढ़ रहे एमडी ड्रग्स, अवैध शराब और अन्य अनैतिक गतिविधियों को लेकर मंगलवार को जनसुनवाई में वार्ड क्रमांक 15 की पार्षद नेहा आर्य ने कलेक्टर को विस्तृत शिकायत सौंपते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। शिकायत में प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया गया है कि लंबे समय से नशे का कारोबार और अवैध गतिविधियां प्रशासन की नाक के नीचे फल-फूल रही हैं, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है।
शिकायत में कहा गया है कि चिचोली नगर में एमडी ड्रग्स और अवैध शराब का कारोबार लगातार बढ़ रहा है। इसमें शामिल लोग कथित रूप से प्रभावशाली और सत्ता पक्ष से जुड़े होने के कारण प्रशासन कार्रवाई करने से बच रहा है। शिकायतकर्ता का कहना है कि जिन स्थानों पर यह गतिविधियां संचालित हो रही हैं, उनके आसपास शासकीय कन्या उत्कृष्ट छात्रावास, तहसील परिसर, शासकीय कन्या विद्यालय, शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय, जनपद पंचायत परिसर, तपश्री खेल मैदान, तपश्री आश्रम सहित रहवासी क्षेत्र स्थित हैं, जिससे विद्यार्थियों और युवाओं पर विपरीत प्रभाव पड़ने की आशंका है।

इसके अलावा नगर से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी रात के समय कथित रूप से अनैतिक गतिविधियां होने का आरोप लगाया गया है।
शिकायत में प्रशासन से मांग की गई है कि अवैध एवं अनैतिक गतिविधियों में शामिल लोगों की स्वतंत्र एजेंसी की निगरानी में पहचान कराई जाए, युवाओं तक एमडी ड्रग्स की सप्लाई के स्रोतों की निष्पक्ष जांच की जाए तथा अवैध शराब की सप्लाई और बिक्री करने वालों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। साथ ही पुलिस और प्रशासन को छात्रावास, स्कूल परिसरों, जनपद पंचायत क्षेत्र और राष्ट्रीय राजमार्ग जैसे संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखकर अवैध गतिविधियों पर कानूनी कार्रवाई करने की मांग भी की गई है।

  • मेले में देर रात तक हो रही अनैतिक गतिविधियां
    शिकायत में जय स्तंभ चौक पर लंबे समय से कथित रूप से बिना पर्याप्त नियंत्रण के संचालित मेले का भी उल्लेख किया गया है। इसमें आरोप लगाया गया है कि मेले में देर रात तक अनैतिक गतिविधियां होती हैं तथा युवक मोटरसाइकिल से स्टंट करते हैं, जिससे बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। नगर परिषद द्वारा मेले की अनुमति की अवधि और शर्तों को स्पष्ट करने तथा तत्काल मेले के संचालन पर रोक लगाने की मांग भी की गई है।
    पार्षद नेहा आर्य ने कलेक्टर से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो क्षेत्रवासियों को बड़े आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ेगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!