22 जुलाई को भोपाल में होगा महाआंदोलन
बैतूल में मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन, संविधान के अनुच्छेद-14 की अनदेखी का लगाया आरोप, प्रांतीय धरना-रैली की तैयारी तेज
बैतूल | संवाददाता देवनाथ लोखंडे (पुलिस दर्पण)
प्रोग्रेसिव पेंशनर्स एसोसिएशन मध्यप्रदेश के आह्वान पर मंगलवार को प्रदेश के सभी 55 जिलों में मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टरों के माध्यम से छह सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा गया। इसी क्रम में बैतूल जिला शाखा के पदाधिकारियों एवं पेंशनर्स ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर उपजिलाधीश तृप्ति पटेरिया को ज्ञापन सौंपते हुए सरकार से लंबित मांगों का शीघ्र निराकरण करने की मांग की।
ज्ञापन सौंपने से पूर्व दोपहर 12 बजे आयोजित बैठक में पेंशनर्स ने अपनी छह सूत्रीय मांगों पर विस्तार से चर्चा की। वक्ताओं ने कहा कि उनकी सभी मांगें न्यायसंगत हैं, लेकिन सरकार प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों की अनदेखी कर रही है। उन्होंने संविधान के अनुच्छेद-14 के तहत समानता के अधिकार की उपेक्षा किए जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि पेंशनर्स के हितों की लगातार अनदेखी की जा रही है।
बैठक में सेवा निवृत्त प्राचार्य सुरेन्द्र पचोरी, सी.आर. पाटिल, विधि प्रभारी एडवोकेट एम.एम. अंसारी, तारा सिंह राजपूत, जगन्नाथ पाठेकर एवं मुन्नालाल साहू ने अपने विचार रखे। इस दौरान आगामी 5 जुलाई 2026 को परंपरागत “कर्तव्यपरायणता सेवा निवृत्ति सम्मान समारोह” आयोजित करने का भी सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया।
ज्ञापन कार्यक्रम में शाहपुर, भैंसदेही, आठनेर एवं आमला तहसीलों से बड़ी संख्या में पदाधिकारी और पेंशनर्स शामिल हुए। शांतिपूर्ण एवं अनुशासित ढंग से आयोजित इस कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष सुंदरलाल कड़वे, जिला सचिव शिवचरण हजारे, कार्यकारी अध्यक्ष नरेंद्र कुमार शर्मा, सुरेन्द्र कुमार पचोरी, सी.आर. पाटिल, नेमीचंद मालवीय, संभागीय अध्यक्ष अशोक बोरखड़े, बाबूलाल राठौर, श्रीमती उमा राजपूत, श्रीमती ऊषा जैन सहित जिलेभर के वरिष्ठ पेंशनर्स मौजूद रहे।
22 जुलाई को भोपाल में होगा प्रांतीय शक्ति प्रदर्शन
एसोसिएशन ने चरणबद्ध आंदोलन की घोषणा करते हुए बताया कि 22 जुलाई 2026 को भोपाल में प्रदेश स्तरीय विशाल धरना-रैली आयोजित की जाएगी। प्रांताध्यक्ष ओमप्रकाश बुधोलिया, जिला अध्यक्ष सुंदरलाल कड़वे एवं जिला सचिव शिवचरण हजारे ने प्रदेश के सभी पेंशनर्स से अधिक से अधिक संख्या में भोपाल पहुंचकर आंदोलन को सफल बनाने और पेंशनर्स की एकजुटता का परिचय देने का आह्वान किया।
पेंशनर्स का सरकार के खिलाफ बिगुल, छह सूत्रीय मांगों पर प्रदेशभर में प्रदर्शन

