ग्रामीण बोले—पहले शिक्षकों को हटाओ, फिर स्कूल भेजेंगे बच्चे
देवीनाथ लोखंडे सह संपादक दक्षिण मध्यप्रदेश
भीमपुर/बैतूल। विकासखंड भीमपुर के ग्राम बेहड़ा में संचालित स्कूल की व्यवस्थाओं को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी सामने आई है। ग्रामीणों ने स्कूल में पदस्थ शिक्षकों पर कथित तौर पर मनमानी करने और शिक्षा व्यवस्था प्रभावित करने के आरोप लगाए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल में शिक्षकों के रवैये को लेकर लंबे समय से असंतोष बना हुआ है। आरोप है कि जिम्मेदार शिक्षकों द्वारा अपनी जिम्मेदारियों का ठीक से निर्वहन नहीं किया जा रहा है, जिसके चलते बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है।
बच्चों को स्कूल भेजने से किया इनकार
मामला इतना बढ़ गया है कि ग्रामीणों ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा है कि जब तक विवादित शिक्षकों को हटाया नहीं जाता, तब तक वे अपने बच्चों को स्कूल नहीं भेजेंगे। ग्रामीणों का कहना है कि बच्चों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अधिकारियों से जांच की मांग
ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से बेहड़ा स्कूल की जांच कराने, शिक्षकों की कार्यप्रणाली की समीक्षा करने और दोष पाए जाने पर कार्रवाई करने की मांग की है। अब देखना यह है कि शिक्षा विभाग ग्रामीणों की शिकायत को कितनी गंभीरता से लेता है और स्कूल की व्यवस्थाओं को सुधारने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।

