भूमि विवादों के समाधान के लिए जिला स्तरीय मेगा शिविर

रतलाम पुलिस का बड़ा एक्शन: एक ही दिन में 630 शिकायतें पहुंचीं, 450 का मौके पर हुआ निराकरण।

पुलिस-राजस्व विभाग की संयुक्त पहल बनी आमजन के लिए राहत, संवेदनशील मामलों में बाउंड ओवर की कार्रवाई; कानून हाथ में न लेने की अपील।
रतलाम | पुलिस दर्पण
भूमि संबंधी विवादों के त्वरित, निष्पक्ष एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से रतलाम पुलिस ने शुक्रवार को जिलेभर में जिला स्तरीय विशेष भूमि विवाद निराकरण शिविर आयोजित किया। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार (भा.पु.से.) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) विवेक कुमार लाल एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) राकेश पंद्रो के मार्गदर्शन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीमों ने आमजन की शिकायतें सुनीं और मौके पर कार्रवाई की।
इस विशेष अभियान के दौरान जिलेभर से कुल 630 भूमि संबंधी शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 450 मामलों का मौके पर ही निराकरण कर दिया गया। कई मामलों में वैधानिक कार्रवाई, आपसी समझाइश और प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के माध्यम से विवाद समाप्त कराए गए, जबकि शेष प्रकरणों में संबंधित पक्षों को साक्ष्यों के आधार पर सक्षम न्यायालय में वैधानिक प्रक्रिया अपनाने की सलाह दी गई।
शिविर के दौरान जिन मामलों में शांति भंग होने अथवा विवाद बढ़ने की आशंका थी, उनमें संबंधित पक्षों के विरुद्ध बाउंड ओवर सहित प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो और कानून-व्यवस्था बनी रहे।
इस संयुक्त पहल से बड़ी संख्या में नागरिकों को अपनी समस्याएं सीधे पुलिस एवं राजस्व अधिकारियों के समक्ष रखने का अवसर मिला। कई वर्षों से लंबित भूमि विवादों के समाधान की दिशा में यह अभियान प्रभावी साबित हुआ और लोगों को त्वरित राहत मिली।
रतलाम पुलिस ने जिलेवासियों से अपील की है कि भूमि संबंधी किसी भी विवाद की स्थिति में कानून अपने हाथ में लेने के बजाय पुलिस एवं राजस्व विभाग से संपर्क करें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी ऐसे संयुक्त शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि आमजन को पारदर्शी, त्वरित और न्यायसंगत समाधान उपलब्ध कराया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!