रतलाम। पुलिस दर्पण
रतलाम। जिले में चोरी एवं संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रावटी थाना पुलिस ने BIDS Project Pvt. Ltd. के बिजली के तार चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी में प्रयुक्त बोलेरो पिकअप वाहन और एल्युमिनियम के बिजली के तार सहित करीब ₹10 लाख का मशरूका बरामद किया है।
खंभे पर चढ़कर काट रहे थे बिजली के तार
पुलिस के अनुसार, 17 अगस्त 2026 की रात करीब 11:45 बजे ग्राम खेड़ी बजरंगगढ़ में बिजली के तार चोरी करने की सूचना मिली थी। ग्रामीणों को जानकारी मिली कि 4-5 लोग पिकअप वाहन से मौके पर पहुंचे हैं और बिजली के खंभे पर चढ़कर कंडक्टर यानी एल्युमिनियम के तार काटकर चोरी करने का प्रयास कर रहे हैं।
फरियादी सुखराम और सुरेश ने तत्परता दिखाते हुए आरोपियों का पीछा किया और एक आरोपी को पकड़ लिया। इसी दौरान उसके अन्य साथी चोरी किए जा रहे तार मौके पर छोड़कर पिकअप वाहन से फरार हो गए।
सूचना मिलते ही रावटी पुलिस मौके पर पहुंची। पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम सुरपाल पिता सरदार भाभर, निवासी आड़ापंथ, थाना रावटी बताया। पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ बिजली के एल्युमिनियम तार चोरी करने के उद्देश्य से मौके पर पहुंचना स्वीकार किया।
मामले में थाना रावटी पर अपराध क्रमांक 581/2026, धारा 303(2) BNS के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
कबाड़ कारोबारियों तक पहुंची पुलिस की जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर राकेश पंद्रो के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी सैलाना नीलम बघेल के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस ने आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी। चोरी के बिजली तारों की खरीद-फरोख्त करने वाले कबाड़ कारोबारियों और कबाड़ दुकानों की भी जांच की गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मामले में कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पिकअप चालक और कबाड़ दुकानदार भी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों में सुरपाल पिता सरदार भाभर (32), निवासी आड़ापंथ, भारत उर्फ भरत पिता रिंगा भाभर (18), निवासी आड़ापंथ, पप्पु पिता बदुड़ा भुरिया (42), निवासी नीमचौक, रावटी, तथा भरत पिता नेता तोलाराम बोरिया (43), निवासी अम्बेडकर कॉलोनी, रावटी शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार पप्पु भुरिया पिकअप वाहन का चालक एवं वाहन स्वामी है, जबकि भरत बोरिया कबाड़ दुकानदार है।
₹10 लाख का मशरूका बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से—
- बोलेरो पिकअप MP-13-AM-8207 — करीब ₹8 लाख
- चोरी किए गए एल्युमिनियम बिजली के तार — करीब ₹2 लाख
- कुल जब्त मशरूका — करीब ₹10 लाख
बरामद किया है।
पुलिस अब मामले में शामिल अन्य आरोपियों तथा चोरी के माल की खरीद-फरोख्त से जुड़े नेटवर्क की जांच कर रही है। आरोपियों से पूछताछ के आधार पर बिजली के तार चोरी की अन्य घटनाओं का भी खुलासा होने की संभावना है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
कार्रवाई में उप पुलिस अधीक्षक एवं थाना प्रभारी रावटी सुरेन्द्र सिंह गड़रिया, उपनिरीक्षक गलसिंह भावेल, प्रधान आरक्षक रविन्द्र शुक्ला, महेश ठाकरे, आशीष धानक, आरक्षक अवधेश सिंह परमार, बहादुर डांगी एवं जयेश पोसवाल की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।

