झाबुआ। पुलिस दर्पण
झाबुआ। जिले में अपराधियों पर शिकंजा कसने और कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से झाबुआ पुलिस ने शनिवार रात जिलेभर में विशेष कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार के निर्देशन में हुए इस अभियान में 2 राजपत्रित अधिकारियों सहित 150 से अधिक पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की।
अभियान के दौरान पुलिस ने फरार अपराधियों, स्थायी वारंटियों, निगरानी बदमाशों और अन्य वांछित आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश देकर 29 स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार किया। इनमें 3 इनामी वारंटी भी शामिल हैं, जिन पर कुल 13 हजार रुपये का इनाम घोषित था। इसके अलावा 14 गिरफ्तारी वारंटों की भी तामील की गई।
पुलिस ने कॉम्बिंग गश्त के दौरान 99 गुंडों, 75 निगरानी बदमाशों, 5 संपत्ति संबंधी अपराधियों तथा 2 जिला बदर अपराधियों का सत्यापन किया। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन जांच कर आदतन अपराधियों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी गई।
अवैध शराब के विरुद्ध भी झाबुआ पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए आबकारी अधिनियम के तहत 8 प्रकरण दर्ज किए।
पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार ने कहा कि जिले में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे विशेष कॉम्बिंग अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे, ताकि आमजन में सुरक्षा का विश्वास मजबूत हो और अपराधियों में कानून का भय बना रहे।

