फार्मर आईडी में नाम दर्ज करने के बदले ₹2 हजार की रिश्वत लेते पटवारी गिरफ्तार, लोकायुक्त की ट्रैप कार्रवाई

झाबुआ/इंदौर | पुलिस दर्पण

इंदौर । इंदौर लोकायुक्त पुलिस ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए झाबुआ जिले के एक पटवारी को किसान से 2 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई गुरुवार को उप तहसील सारंगी के मीटिंग हॉल में की गई। लोकायुक्त पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता पुनिया भूरिया (58 वर्ष), निवासी मोतापाड़ा, मोहनपुरा, तहसील पेटलावद, जिला झाबुआ ने 24 जुलाई 2026 को लोकायुक्त कार्यालय इंदौर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि उनकी कृषि भूमि के छह सर्वे नंबरों में से पांच फार्मर आईडी में दर्ज हैं, जबकि शेष एक सर्वे नंबर दर्ज करने के बदले हल्का नंबर-30 मोहनपुरा के पटवारी संजय अमलियार द्वारा ₹2,000 की रिश्वत मांगी जा रही है।

लोकायुक्त टीम ने शिकायत का सत्यापन किया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस अधीक्षक राजेश सहाय के मार्गदर्शन तथा महानिदेशक योगेश देशमुख एवं उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज सिंह के निर्देश पर ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई गई।

गुरुवार को उप तहसील कार्यालय सारंगी के मीटिंग हॉल में लोकायुक्त टीम ने जाल बिछाया। शिकायतकर्ता से रिश्वत की राशि लेते ही आरोपी पटवारी संजय अमलियार (38 वर्ष), निवासी एलआईसी कॉलोनी, डाक बंगला के पीछे, झाबुआ को रंगे हाथों पकड़ लिया गया।

लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम, 2018 की धारा 7 के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!