छतरपुर के 5 जूडो खिलाड़ी भोपाल फाइनल ट्रायल्स के लिए चयनित, राज्य खेल अकादमी का रास्ता हुआ साफ

छतरपुर | पुलिस दर्पण
छतरपुर । मध्यप्रदेश के उभरते खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित टैलेंट सर्च 2026-27 के तहत छतरपुर जिले में जूडो चयन ट्रायल्स सफलतापूर्वक संपन्न हुए। ऑफिसर्स क्लब स्थित जूडो हॉल में आयोजित इस चयन प्रक्रिया में जिले के 35 से अधिक युवा खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ भाग लेकर अपनी तकनीकी दक्षता, शारीरिक क्षमता और खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
चयन ट्रायल्स के बाद छतरपुर जिले के 5 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन 17 जुलाई को भोपाल में होने वाले फाइनल चयन ट्रायल्स के लिए किया गया। फाइनल में सफल होने वाले खिलाड़ियों को मध्यप्रदेश राज्य खेल अकादमियों में उच्चस्तरीय प्रशिक्षण का अवसर मिलेगा, जिससे वे भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रदेश और देश का प्रतिनिधित्व कर सकेंगे।
जिला स्तरीय ट्रायल्स जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी राजेन्द्र कोष्टा के मार्गदर्शन में आयोजित किए गए। चयन प्रक्रिया में भोपाल से आए जूडो प्रशिक्षक राहुल मिश्रा एवं जयप्रकाश, संविदा खेल प्रशिक्षक शंकरलाल रैकवार तथा खेलो इंडिया प्रशिक्षक दीपक मिश्रा ने खिलाड़ियों का मूल्यांकन कर चयन प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराया।
इस अवसर पर अधिकारियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि टैलेंट सर्च अभियान का उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें उत्कृष्ट प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है, ताकि वे भविष्य में प्रदेश और देश का नाम रोशन कर सकें। चयनित खिलाड़ियों को अब भोपाल में होने वाले अंतिम ट्रायल्स में अपनी प्रतिभा साबित करने का अवसर मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!