गुना | पुलिस दर्पण
गुना । मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय, भोपाल के निर्देशानुसार 15 से 30 जुलाई 2026 तक चलाए जा रहे राज्यव्यापी अभियान “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” के तहत गुना पुलिस ने जिले में नशे के विरुद्ध व्यापक जनजागरण अभियान की शुरुआत कर दी है। अभियान का शुभारंभ पुलिस लाइन परिसर में आयोजित कार्यक्रम से हुआ, जहां पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल ने पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों, एसएएफ जवानों तथा नगर एवं ग्राम रक्षा समिति के सदस्यों को नशामुक्त समाज के निर्माण की सामूहिक शपथ दिलाई।
शपथ ग्रहण के बाद पुलिस लाइन से एक विशाल जनजागरूकता रैली निकाली गई। रैली जेल रोड, अंबेडकर चौराहा, हनुमान चौराहा, तेलघानी चौराहा, स्टेशन तिराहा होते हुए जयस्तंभ चौराहा तक पहुंची। इस दौरान बैनर, तख्तियों और प्रेरक नारों के माध्यम से आमजन को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया गया तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सहभागी बनने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत सिंह सुमन, डीएसपी यातायात मुकेश दीक्षित, प्रभारी सीएसपी आनंद राय सहित जिला पुलिस, एसएएफ और नगर रक्षा समिति के बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
गुना पुलिस ने बताया कि अभियान के तहत आगामी दिनों में जिले के विद्यालयों, महाविद्यालयों, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों तथा सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम, संवाद, रैलियां और जनसंपर्क गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इन कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं और आम नागरिकों को नशे के सामाजिक, आर्थिक और स्वास्थ्य संबंधी दुष्परिणामों की जानकारी देकर नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
पुलिस का कहना है कि यह अभियान केवल औपचारिक जागरूकता तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि नशे के खिलाफ जनभागीदारी बढ़ाकर इसे एक व्यापक जनआंदोलन का स्वरूप दिया जाएगा, जिससे स्वस्थ, सुरक्षित और जिम्मेदार समाज का निर्माण हो सके।

