अलीराजपुर | पुलिस दर्पण
अलीराजपुर। जिले की कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर ने रविवार को तहसील सोंडवा के विभिन्न छात्रावासों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने शासकीय आदिवासी जूनियर बालक छात्रावास उमरेठ, आवासीय बालिका छात्रावास साकड़ी तथा आवासीय बालिका आश्रम सोंडवा का निरीक्षण करते हुए विद्यार्थियों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने छात्र-छात्राओं से उनकी पढ़ाई, दैनिक दिनचर्या, भोजन की गुणवत्ता, पेयजल, स्वच्छता और छात्रावास में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने रसोईघर, शौचालय, परिसर की साफ-सफाई और पेयजल व्यवस्था का भी बारीकी से निरीक्षण किया तथा निर्धारित मेन्यू के अनुसार पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने विद्यार्थियों से सामान्य ज्ञान, पढ़ाई और भविष्य के लक्ष्यों पर चर्चा करते हुए उन्हें नियमित अध्ययन, अनुशासन, स्वच्छता और समय का सदुपयोग करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए कि छात्रों की शैक्षणिक गुणवत्ता बढ़ाने के लिए नियमित कक्षाओं के साथ अतिरिक्त अध्ययन कक्षाएं (एक्स्ट्रा क्लास) भी संचालित की जाएं, ताकि वे आगामी परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि छात्रावासों में रहने वाले प्रत्येक विद्यार्थी की समस्याओं का समय पर समाधान किया जाए और शासन की सभी सुविधाएं पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से उपलब्ध कराई जाएं। स्वास्थ्य, सुरक्षा, अनुशासन और समुचित देखभाल को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के भी निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों से कहा कि छात्रावासों की किसी भी आवश्यकता या समस्या की जानकारी समय पर जिला प्रशासन को भेजी जाए, ताकि आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराकर त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
निरीक्षण के दौरान अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सोंडवा श्रीमती सविता राठी, तहसीलदार श्री हीरालाल अस्के सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

