जमीन विवाद में पिता को कुएं में फेंकने का आरोप, पुत्र-बहू गिरफ्तार

मुंह में कपड़ा ठूंसकर और पैर बांधकर कुएं में फेंका, ऊपर से पत्थर भी बरसाए; बोरदेही पुलिस ने रस्सी की जब्त

देवीनाथ लोखंडे सह संपादक दक्षिण मध्यप्रदेश

बैतूल। जमीन विवाद ने एक परिवार के रिश्तों को शर्मसार कर दिया। बोरदेही थाना क्षेत्र के ग्राम टुराबोरगांव में खेत बेचने को लेकर हुए विवाद में एक पुत्र पर अपनी पत्नी के साथ मिलकर 70 वर्षीय पिता को जान से मारने की नीयत से कुएं में फेंकने का आरोप है। घटना के बाद बोरदेही पुलिस ने आरोपी पुत्र और बहू को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त रस्सी भी जब्त की है।

पुलिस के अनुसार 4 सितंबर 2026 को बाबू पिता चेपा कड़वे (70) अपने खेत में बने मकान में सो रहे थे। दोपहर करीब 2 बजे उनका पुत्र दिलीप कड़वे (48) और बहू देवकी कड़वे (43) वहां पहुंचे। आरोप है कि खेत बेचने की बात को लेकर दोनों ने वृद्ध के साथ मारपीट शुरू कर दी।

आरोप है कि इसके बाद दोनों ने वृद्ध के मुंह में कपड़ा ठूंसकर और पैर बांध दिए तथा उन्हें घसीटकर कुएं के पास ले गए। कथित तौर पर जान से मारने की नीयत से उन्हें कुएं में धक्का दे दिया गया। वृद्ध कुएं में लगी मोटर की रस्सी के सहारे लटके रहे। आरोपियों ने कुएं के ऊपर से पत्थर भी फेंके, जिससे उन्हें चोटें आईं।

पत्नी ने सुनी कुएं से आवाज, ग्रामीणों की मदद से बची जान

शाम करीब 7 बजे वृद्ध की पत्नी कमला उन्हें तलाशते हुए कुएं के पास पहुंची। कुएं से आवाज सुनाई देने पर उसने ग्रामीणों को बुलाया। ग्रामीणों की मदद से वृद्ध को कुएं से बाहर निकाला गया। इसके बाद पीड़ित की रिपोर्ट पर बोरदेही थाने में आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 109(1) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दिलीप पिता बाबू कड़वे और देवकी पति दिलीप कड़वे को गिरफ्तार कर पूछताछ की। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त रस्सी जब्त की गई है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपुसे एवं एसडीओपी मुलताई एस.के. सिंह के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक भैयालाल उईके सहित बोरदेही पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!