पत्नी की हत्या के 10 दिन बाद रेलवे ट्रैक पर मिला फरार पति का धड़! सिर गायब, अब DNA टेस्ट से खुलेगा राज

20 हजार के इनामी आरोपी अखिलेश सैनी के पास मिला आधार कार्ड, पैन कार्ड और कथित सुसाइड नोट; बेटी ने पहचानने से किया इनकार।

इंदौर/गंजबासौदा | पुलिस दर्पण

इंदौर । इंदौर में पोस्ट असिस्टेंट उर्मिला सैनी की सनसनीखेज हत्या के मामले में फरार चल रहे पति अखिलेश सैनी की तलाश के बीच एक नया और रहस्यमय मोड़ सामने आया है। हत्या के करीब 10 दिन बाद इंदौर से लगभग 300 किलोमीटर दूर पवई रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पर एक सिर कटा धड़ मिलने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मौके से मिले आधार कार्ड, पैन कार्ड और अन्य दस्तावेजों के आधार पर शव को अखिलेश सैनी का माना जा रहा है। हालांकि, शव का सिर नहीं मिलने से पहचान पर सवाल खड़े हो गए हैं।

बेटी ने पहचानने से किया इनकार, अब होगा DNA टेस्ट

सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। जहां मृतक के पिता ने धड़ को अखिलेश का बताया, वहीं उसकी बेटी ने बिना सिर के शव की पहचान स्वीकार करने से इनकार कर दिया और DNA जांच की मांग की। अब पुलिस वैज्ञानिक जांच के जरिए इस रहस्य से पर्दा उठाने की तैयारी कर रही है।

जेब से मिला कथित सुसाइड नोट

पुलिस के अनुसार, शव की जेब से एक कथित सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। नोट में लिखा गया है कि उसकी चिता को बेटा “प्रायु” ही मुखाग्नि दे, तभी उसकी आत्मा को शांति मिलेगी। साथ ही नोट में पूरे घटनाक्रम के लिए सिवनी मालवा निवासी एक व्यक्ति को जिम्मेदार ठहराया गया है। पुलिस इस नोट की सत्यता और उसमें किए गए दावों की भी जांच कर रही है।

पत्नी की बेरहमी से हुई थी हत्या

गौरतलब है कि 11 जुलाई को इंदौर के मनोरमागंज स्थित सरकारी आवास में पोस्ट असिस्टेंट उर्मिला सैनी (38) का खून से लथपथ शव मिला था। प्रारंभिक जांच में सामने आया था कि उन पर बड़े और धारदार चाकू से कई वार किए गए थे। पुलिस जांच में पति अखिलेश सैनी पर हत्या का आरोप तय हुआ और उसके फरार होने पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

अब कई सवालों के जवाब बाकी

रेलवे ट्रैक पर मिला धड़ वास्तव में अखिलेश का है या नहीं? सिर कहां है? मौत आत्महत्या है या किसी साजिश का हिस्सा? कथित सुसाइड नोट में जिन आरोपों का जिक्र है, उनकी सच्चाई क्या है? इन सभी सवालों के जवाब अब DNA रिपोर्ट, पोस्टमार्टम और पुलिस जांच के बाद ही सामने आएंगे।
फिलहाल यह मामला हत्या, फरारी और रहस्यमयी मौत की गुत्थी बन चुका है, जिस पर पूरे प्रदेश की नजरें टिकी हुई हैं।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!