मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के 77 प्रकरणों में ₹4.18 करोड़ से अधिक का ऋण स्वीकृत
रतलाम। पुलिस दर्पण
रतलाम। जिले में युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई), सैलाना रोड, रतलाम में युवा संगम के अंतर्गत संयुक्त रोजगार, स्वरोजगार, प्रधानमंत्री नेशनल अप्रेंटिसशिप मेला, प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना एवं मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना का आयोजन किया गया।
मेले में कुल 345 युवाओं ने पंजीयन कराया, जिनमें से 185 प्रतिभागियों का विभिन्न कंपनियों में प्राथमिक रूप से चयन किया गया। यह आयोजन तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार मंत्रालय, भोपाल, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय, जिला प्रशासन, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग, जिला रोजगार कार्यालय, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र तथा मध्य प्रदेश डे-ग्रामीण आजीविका मिशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया।
मेले में शामिल 10 प्रतिष्ठित कंपनियों ने निर्धारित मानदंडों के अनुसार साक्षात्कार लेकर अभ्यर्थियों का चयन किया। चयनित युवाओं को जिला रोजगार अधिकारी अभिषेक कटारा एवं आईटीआई रतलाम के प्रशिक्षण अधीक्षक एच.के. बाथम ने ऑफर लेटर प्रदान किए तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।
चयन करने वाली प्रमुख कंपनियों में प्रतिभा स्वराज लिमिटेड (उज्जैन), जस्ट डायल (इंदौर), कृषि दर्पण एग्रो प्रा. लि. (उज्जैन), कवच ग्लोबल कनेक्ट लिमिटेड (अहमदाबाद), माही ग्रुप ऑफ एजुकेशन (बांसवाड़ा), परेनियल प्रा. लि. सहित रतलाम की कॉर्पोरेट देखो वेंचर लिमिटेड, अंकलेसरिया ऑटोमोबाइल्स एवं भारती एक्सा लाइफ जैसी कंपनियां शामिल रहीं।
वहीं जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र ने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के अंतर्गत 77 प्रकरणों में कुल ₹4 करोड़ 18 लाख 87 हजार के ऋण स्वीकृत किए गए। इससे जिले के अनेक युवा स्वरोजगार स्थापित कर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ेंगे। यह रोजगार मेला युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने के साथ-साथ स्वरोजगार योजनाओं का लाभ दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

