कुबेरेश्वर धाम पर आयोजित गुरु पूर्णिमा महोत्सव के संबंध में बैठक आयोजित

    सीहोर / पुलिस दर्पण

    सीहोर। कलेक्टर श्री बालागुरू के. द्वारा कुबेरेश्वर धाम में 21 जुलाई से 30 जुलाई तक आयोजित होने वाले गुरुपूर्णिमा महोत्सव के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से राजस्व एवं पुलिस अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई।
    बैठक में उन्होंने कहा कि गुरु पूर्णिमा महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी अधिकारी पूरी सतर्कता एवं समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने पुलिस एवं राजस्व अधिकारियों को संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने तथा आवश्यकता अनुसार पर्याप्त बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

    कलेक्टर ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि धाम परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था रहे तथा पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराया जाए। श्रद्धालुओं के वाहनों की सुचारू पार्किंग, आवागमन के लिए सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था तथा भीड़ प्रबंधन के लिए आवश्यक इंतजाम समय रहते पूरे कर लिए जाएं। उन्होंने कहा कि यातायात प्रभावित न हो और श्रद्धालुओं को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े, इसके लिए वैकल्पिक मार्गों एवं पार्किंग स्थलों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि धाम परिसर में आवश्यक दवाइयों, एम्बुलेंस एवं चिकित्सा दल की उपलब्धता सुनिश्चित रहे, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जा सके।

    विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, नगर पालिका एवं अन्य संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ अन्य सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने कहा कि सभी अधिकारी निर्धारित दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें तथा किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर उसका तत्काल निराकरण सुनिश्चित करें, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित, व्यवस्थित एवं सुगम वातावरण में दर्शन एवं धार्मिक कार्यक्रम में सहभागिता कर सकें। बैठक में अपर कलेक्टर श्री बृजेश सक्सेना, एसडीएम श्री तन्मय वर्मा, सीएसपी श्रीमती अभिनंदना शर्मा, यातायात प्रभारी श्री बृजमोहन धाकड़ सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    error: Content is protected !!