सागर। पुलिस अधीक्षक सागर श्री अनुराग सुजानिया के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सागर के मार्गदर्शन एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) रहली के पर्यवेक्षण में जिलेभर में अवैध गतिविधियों एवं अपराधियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना गढ़ाकोटा पुलिस ने थाना प्रभारी निरीक्षक श्री गौरव सिंह तिवारी के नेतृत्व में अवैध शराब कारोबार, सट्टा एवं फरार अपराधियों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाते हुए उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है।
अवैध शराब कारोबारियों पर लगातार कार्रवाई
दिनांक 22 एवं 23 जुलाई 2026 को थाना गढ़ाकोटा पुलिस द्वारा क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर सघन दबिश देकर अवैध शराब का कारोबार करने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान आरोपी सुंदर कुर्मी पिता भुजवल कुर्मी, निवासी ग्राम चनौआ के कब्जे से विभिन्न ब्रांडों की 112 पाव (करीब 20.16 लीटर) अवैध शराब, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग ₹14,700 है, जब्त की गई।
इसी प्रकार आरोपी सहदेव पिता रतिराम नामदेव, निवासी ग्राम चनौआ खुर्द के कब्जे से विभिन्न ब्रांडों की शराब एवं बीयर, कुल अनुमानित कीमत ₹3,960 तथा आरोपी कमलेश पटेल पिता धनप्रसाद पटेल, निवासी शास्त्री वार्ड, मोतीनगर के कब्जे से विभिन्न ब्रांडों की शराब एवं बीयर, कुल अनुमानित कीमत ₹6,800 की जब्ती की गई।
दिनांक 23 जुलाई 2026 को की गई एक अन्य कार्रवाई में आरोपी मुलू उर्फ धरमदास पटेल पिता बालकिशन पटेल, निवासी किला वार्ड, गढ़ाकोटा के कब्जे से विभिन्न ब्रांडों की 21.18 लीटर अवैध शराब एवं बीयर, जिसकी अनुमानित कीमत ₹9,520 है, बरामद कर जब्त की गई।
इन सभी आरोपियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के अंतर्गत वैधानिक कार्रवाई की गई।
सट्टा खिलाने वाले पर भी कार्रवाई
अभियान के दौरान थाना गढ़ाकोटा पुलिस ने हरिशंकर पिता हीरालाल कोरी, निवासी गांधी वार्ड, गढ़ाकोटा को सार्वजनिक स्थान पर अवैध रूप से सट्टा लिखते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से सट्टा पर्ची एवं ₹340 नगद बरामद कर सार्वजनिक जुआ अधिनियम के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया।
5 वर्ष से फरार हत्या का आरोपी गिरफ्तार
गंभीर अपराधों में फरार आरोपियों की धरपकड़ हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना गढ़ाकोटा पुलिस ने हत्या के एक मामले में पिछले 5 वर्षों से फरार चल रहे आरोपी गनेश पिता गौरीशंकर यादव, निवासी मझगुवा को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की।
आरोपी थाना गढ़ाकोटा के अपराध क्रमांक 497/2021 में धारा 307, 294, 34 भारतीय दंड संहिता (बाद में धारा 302 जोड़ी गई) के प्रकरण में फरार चल रहा था। इसके अतिरिक्त आरोपी के विरुद्ध अन्य मामलों में माननीय न्यायालय द्वारा स्थायी वारंट भी जारी किए गए थे। लंबे समय से पुलिस से बचने का प्रयास कर रहे आरोपी को गढ़ाकोटा पुलिस ने लगातार की जा रही तलाश एवं मुखबिर तंत्र की सहायता से गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया।
गढ़ाकोटा पुलिस द्वारा लगातार की जा रही प्रभावी कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार, सट्टा एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा रहा है। थाना क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा अपराधियों के विरुद्ध निरंतर कार्रवाई के चलते आमजन में सुरक्षा का विश्वास मजबूत हुआ है। सागर पुलिस द्वारा भविष्य में भी अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों तथा गंभीर अपराधों के फरार आरोपियों के विरुद्ध इसी प्रकार सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

