हरदा में होटल के बाथरूम से संविदा सब इंजीनियर का संदिग्ध हालात में मिला शव, दो दिन तक फोन नहीं उठाने पर हुआ खुलासा

15 वर्षों से होटल में रह रहे थे जनपद पंचायत के संविदा सब इंजीनियर गौरव दुबे, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही होगी मौत के कारणों की पुष्टि

हरदा | पुलिस दर्पण न्यूज़

हरदा । मध्यप्रदेश के हरदा जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित मिश्रा पैलेस होटल में मंगलवार को एक संविदा सब इंजीनियर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान गौरव दुबे (54), निवासी इंद्रपुरी, भोपाल के रूप में हुई है, जो हरदा जनपद पंचायत में मनरेगा के तहत संविदा सब इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार, गौरव दुबे पिछले लगभग 15 वर्षों से मिश्रा पैलेस होटल में रह रहे थे, जबकि उनका परिवार भोपाल में रहता है। बताया जा रहा है कि वे पिछले दो दिनों से किसी का फोन रिसीव नहीं कर रहे थे। मंगलवार सुबह जब कार्यालय के कर्मचारियों ने कई बार संपर्क करने का प्रयास किया और कोई जवाब नहीं मिला, तो वे होटल पहुंचे। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने और आवाज लगाने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने कमरे का दरवाजा खुलवाया तो रूम नंबर 113 के बाथरूम में गौरव दुबे का शव अर्धनग्न अवस्था में पड़ा मिला।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 11:15 बजे तक उन्होंने व्हाट्सएप संदेश देखे थे। आशंका है कि इसके बाद वे स्नान करने गए होंगे, जहां किसी कारणवश उनकी मौत हो गई। कोतवाली थाना प्रभारी रोशनलाल भारती ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हार्ट फेल होने का प्रतीत हो रहा है, लेकिन मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही की जा सकेगी। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को जिला अस्पताल भेज दिया है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

विभागीय सूत्रों के अनुसार, यह भी चर्चा है कि पिछले चार-पांच महीनों से वेतन नहीं मिलने और कार्य के बढ़ते दबाव के कारण गौरव दुबे मानसिक तनाव में थे। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक निष्कर्ष नहीं निकाला गया है और जांच पूरी होने के बाद ही तथ्य सामने आएंगे।

पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!