हरदा । पुलिस दर्पण
हरदा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश में सुशासन को नई दिशा देने के उद्देश्य से “मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026” की घोषणा की है। यह अभियान 7 अगस्त 2026 से 8 जनवरी 2027 तक संचालित होगा। अभियान के तहत मुख्यमंत्री, मंत्री, मुख्य सचिव, वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि नियमित रूप से मैदानी भ्रमण कर आमजन से सीधे संवाद करेंगे तथा उनकी समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य केवल शिकायतों का समाधान करना नहीं, बल्कि शासन और जनता के बीच विश्वास, पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूत करना है। अभियान के चार प्रमुख आधार स्तंभ संवाद, समाधान, संवेदनशीलता और सादगी होंगे।
अभियान के अंतर्गत प्रत्येक शुक्रवार को प्रदेशभर में विशेष फील्ड भ्रमण किया जाएगा। इस दिन नियमित बैठकों के स्थान पर अधिकारी गांवों, कस्बों और शहरों में पहुंचकर नागरिकों से सीधे संवाद करेंगे। मुख्यमंत्री, मंत्रीगण, मुख्य सचिव एवं वरिष्ठ अधिकारी भी विभिन्न जिलों का दौरा कर शासकीय योजनाओं और सेवाओं के जमीनी क्रियान्वयन का प्रत्यक्ष निरीक्षण करेंगे।
भ्रमण से पहले संबंधित क्षेत्रों में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, जनसुनवाई, लोक सेवा गारंटी अधिनियम तथा अन्य लंबित प्रकरणों की समीक्षा कर उनके शत-प्रतिशत निराकरण का प्रयास किया जाएगा। भ्रमण के दौरान प्राप्त शिकायतों का भी यथासंभव मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
अभियान के दौरान जनसंवाद के साथ-साथ उद्योग संवाद भी आयोजित होंगे, जिनमें एमएसएमई, कुटीर एवं बड़े उद्योगों से जुड़े उद्यमियों की समस्याओं का निराकरण किया जाएगा। प्रथम चरण में अगस्त माह के लिए बड़वानी, सीधी, श्योपुर और पांढुर्ना जिलों का चयन किया गया है।
इस दौरान मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, लोक सेवा गारंटी, राजस्व प्रकरण, किसान फार्मर आईडी, आयुष्मान कार्ड, समग्र ई-केवाईसी, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, शिक्षा, स्वास्थ्य, सार्वजनिक वितरण प्रणाली तथा अन्य शासकीय योजनाओं की व्यापक समीक्षा की जाएगी। साथ ही सड़कों, तालाबों, शासकीय भवनों, पुलिस थानों, आईटीआई, मेडिकल कॉलेज, कृषि उपज मंडियों, लोक सेवा केंद्रों सहित विभिन्न सार्वजनिक संस्थानों का निरीक्षण भी किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि अभियान पूरी तरह सादगी और मितव्ययिता के सिद्धांतों पर आधारित होगा। अनावश्यक खर्च से बचते हुए उपलब्ध शासकीय संसाधनों का उपयोग किया जाएगा। सामान्य प्रशासन विभाग इस अभियान का नोडल विभाग रहेगा। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान प्रदेश में जनभागीदारी आधारित सुशासन को नई गति देगा तथा शासन और जनता के बीच विश्वास के संबंधों को और अधिक मजबूत बनाएगा।

