मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं: कलेक्टर प्रियंक मिश्रा, गोविंदपुरा अस्पताल अधीक्षक पर कार्रवाई के निर्देश

भोपाल | पुलिस दर्पण

भोपाल । कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक में स्वास्थ्य विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। उन्होंने कहा कि योजनाओं की वास्तविक स्थिति जानने के लिए मैदानी स्तर पर नियमित निरीक्षण किए जाएं तथा प्रगति संतोषजनक नहीं मिलने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी इला तिवारी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनीष शर्मा, महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी सुनील सोलंकी सहित स्वास्थ्य कार्यक्रमों के नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि आउटरीच गतिविधियों के माध्यम से पात्र हितग्राहियों तक स्वास्थ्य सेवाओं की प्रभावी पहुंच सुनिश्चित की जाए। साथ ही वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम के लिए हॉटस्पॉट क्षेत्रों की पहचान कर लार्वा सर्वे, फॉगिंग एवं जनजागरूकता अभियान तेज किए जाएं। उन्होंने टीबी मरीजों को मिलने वाली फूड बास्केट योजना में समाज के सभी वर्गों की भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया।

बैठक में आंगनवाड़ी भवनों की स्थिति और पोषण सेवाओं की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिले की विभिन्न निर्माण स्थलों पर कार्यरत मजदूर महिलाओं और उनके बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण के लिए स्वास्थ्य विभाग और महिला एवं बाल विकास विभाग संयुक्त रूप से विशेष अभियान चलाएं।

बैठक के दौरान जिला पंचायत सीईओ श्रीमती इला तिवारी ने सिविल अस्पताल गोविंदपुरा में प्रसव मामलों की कम संख्या और पोषण पुनर्वास केंद्र में बच्चों की कम भर्ती पर चिंता जताई। इस पर सीएमएचओ डॉ. मनीष शर्मा ने बताया कि अस्पताल में पर्याप्त स्टाफ और संसाधन उपलब्ध हैं। इसके बावजूद सेवाएं प्रभावी रूप से उपलब्ध नहीं कराने, बैठक से अनुपस्थित रहने तथा कार्य में उदासीनता बरतने पर सिविल अस्पताल गोविंदपुरा के अधीक्षक की वेतन वृद्धि रोकने तथा कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!