सागर में खेत पर कब्जे को लेकर विवाद, किसान बोला- फसल उजाड़ी, धमकियां दी जा रहीं

संवाददाता -सोनू कुशवाहा सागर

सागर । जिले के शाहगढ़ तहसील अंतर्गत अमरपुरा निवासी सुब्बा लोधी ने कलेक्टर सागर को आवेदन सौंपकर अपनी कृषि भूमि पर जबरन कब्जा करने, मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं।

आवेदन के अनुसार, सुब्बा लोधी का कहना है कि उनकी पैतृक कृषि भूमि, जो खसरा नंबर 163/4, 117/4 और 191/6 में दर्ज है, पर कुछ लोगों द्वारा कथित रूप से राजस्व अधिकारियों और हल्का पटवारी से मिलीभगत कर कब्जा करने की कोशिश की जा रही है। पीड़ित का आरोप है कि उन्हें खेती नहीं करने दी जा रही, विरोध करने पर मारपीट की जाती है और बाहरी लोगों को बुलाकर उनकी खड़ी फसल भी नुकसान पहुंचाई गई।

आवेदक ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपित लगातार उन्हें गांव छोड़ने और जमीन अपने नाम करने का दबाव बना रहे हैं तथा ऐसा न करने पर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। इस पूरे मामले को लेकर उन्होंने कलेक्टर से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, सुरक्षा उपलब्ध कराने और अपनी भूमि पर पुनः कब्जा दिलाने की मांग की है।

फिलहाल, यह सभी आरोप आवेदक के आवेदन पर आधारित हैं। प्रशासन की ओर से मामले की जांच के बाद ही तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!