गुरु पूर्णिमा पर ब्रह्माकुमारी सेवा केंद्र नामली में आध्यात्मिक कार्यक्रम, पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

रतलाम। पुलिस दर्पण

नामली । गुरु पूर्णिमा महापर्व के अवसर पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के शिक्षक कॉलोनी स्थित सेवा केंद्र, नामली में श्रद्धा, भक्ति एवं आध्यात्मिक उल्लास के साथ विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाई-बहनों एवं श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर परमपिता शिव बाबा एवं ब्रह्मा बाबा को पुष्प अर्पित कर नमन किया तथा आध्यात्मिक ज्ञान का लाभ लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सेवा केंद्र संचालिका बीके संगीता दीदी ने गुरु पूर्णिमा के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि देहधारी गुरु अनेक हो सकते हैं, लेकिन परम सतगुरु केवल एक निराकार शिव पिता परमात्मा ही हैं। उन्होंने कहा कि परमात्मा के श्रीमत पर चलकर ही मनुष्य अपने जीवन को श्रेष्ठ, सफल एवं सुखमय बना सकता है। साथ ही उन्होंने सभी को परमात्मा की स्मृति में रहकर श्रेष्ठ कर्म करने तथा समाज में शांति, प्रेम और सद्भाव का संदेश फैलाने का आह्वान किया।

गुरु पूर्णिमा महापर्व के उपलक्ष्य में नामली के एकमात्र एक्सीलेंट आईटीआई एवं आईसेक्ट कंप्यूटर सेंटर परिसर में ब्रह्माकुमारी बहनों, संस्थान के संचालकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधारोपण किया। सभी ने पौधों की नियमित देखभाल करने तथा अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का संकल्प भी लिया। इस अवसर पर नगर परिषद उपाध्यक्ष श्रीमती पूजा श्रीनाथ योगी, राजकुमारी जायसवाल, हेमलता तावरे, अभिलाषा राठौर, सरिता सांखला, कुसुम सोनी, गोपाल कुमावत, कैलाश जोगचंद, रेखा पांचाल, आईसेक्ट संचालक मो. असलम मंसूरी सहित संस्थान का स्टाफ एवं अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!