रतलाम पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 52 आपराधिक मामलों वाले दो आदतन सटोरिए गिरफ्तार, जिलाबदर की तैयारी

रतलाम। पुलिस दर्पण

रतलाम। शहर की थाना माणकचौक पुलिस ने अवैध सट्टा कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आदतन सटोरियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के कब्जे से ₹16,200 नकद, सट्टा अंक लिखी पर्चियां और पेन जब्त किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देश पर दोनों के विरुद्ध जिलाबदर की कार्रवाई भी प्रस्तावित की गई है।

थाना प्रभारी विक्रमसिंह चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र में अवैध रूप से सट्टा संचालित किया जा रहा है। सूचना के आधार पर गठित विशेष टीम ने मौके पर दबिश देकर दो व्यक्तियों को सट्टा अंक लिखते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में राकेश (49) पिता रतनलाल राठौर, निवासी भाटों का वास, मांडली शामिल है, जिसके विरुद्ध पूर्व से 32 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। दूसरा आरोपी हिम्मत (40) पिता कोदर गुर्जर, निवासी त्रिपोलिया गेट, हाल मुकाम महेश नगर, थाना औद्योगिक क्षेत्र, है, जिसके विरुद्ध 20 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार दोनों आदतन सटोरिए हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश सट्टा अधिनियम के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। साथ ही, दोनों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 112 के तहत अतिरिक्त वैधानिक एवं प्रतिबंधात्मक कार्रवाई प्रस्तावित की गई है, जिसमें जिलाबदर की कार्रवाई भी शामिल है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी विक्रमसिंह चौहान, उपनिरीक्षक शांतिलाल चौहान, तखतलाल, राजसिंह, हेमंत, अविनाश मिश्रा एवं अशोक की सराहनीय भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!