खेतों और सूने मकानों से लहसुन चोरी करने वाला शातिर गिरोह बेनकाब, 2 आरोपी गिरफ्तार, ₹4 लाख का मशरूका जब्त

रतलाम | पुलिस दर्पण

रतलाम । जावरा थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा पुलिस ने खेतों और सुनसान मकानों को निशाना बनाकर लहसुन चोरी करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं गिरोह के तीन अन्य फरार साथियों की तलाश जारी है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का लहसुन बेचकर प्राप्त ₹70 हजार नकद, वारदात में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल और ऑटो जब्त किया है। जब्त मशरूके की कुल कीमत करीब ₹4 लाख आंकी गई है।

पुलिस के अनुसार अरिहंत कॉलोनी, जावरा निवासी 69 वर्षीय बसंतीलाल हाडा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 27-28 जुलाई की दरमियानी रात ग्राम नागदी स्थित उनके खेत के मकान से अज्ञात बदमाश 17 बोरियों में रखा करीब 9 क्विंटल लहसुन चोरी कर ले गए। शिकायत पर थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा में अपराध क्रमांक 420/2026 के तहत धारा 331(4) एवं 305(ए) बीएनएस में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) विवेक कुमार लाल तथा सीएसपी जावरा युवराज सिंह चौहान के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच, साइबर सेल की तकनीकी सहायता और मुखबिर तंत्र की मदद से दो आरोपियों आमीन खान (38), निवासी भावगढ़, जिला मंदसौर तथा सादिक (30), निवासी मेवातीपुरा, जावरा को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। उन्होंने बताया कि चोरी किया गया लहसुन नीमच मंडी में बेच दिया था। पुलिस ने बिक्री से प्राप्त ₹70 हजार नकद, करीब ₹1.30 लाख कीमत की पल्सर मोटरसाइकिल और लगभग ₹2 लाख कीमत का ऑटो जब्त कर लिया।

पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी आमीन खान का लंबा आपराधिक रिकॉर्ड है। उसके खिलाफ विभिन्न थानों में चोरी, कृषि उपज चोरी, भैंस चोरी, डोडाचूरा तस्करी तथा अवैध शराब से जुड़े कई मामले दर्ज हैं।

फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर क्षेत्र में हुई अन्य कृषि उपज एवं खेत-मकानों में हुई चोरी की वारदातों का खुलासा करने का प्रयास कर रही है। वहीं फरार तीन आरोपियों की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

इस कार्रवाई में डीएसपी प्रकाश गाडरिया, उप निरीक्षक कुलदीप डाबी, मोहम्मद अय्यूब खान, प्रधान आरक्षक बालकृष्ण, शिवपाल सिंह, धीरेन्द्र सिंह तथा आरक्षक हिरालाल, रवि, चेतन, पवन, मोहन, रविन्द्र सिंह, दीपक, शादाब एवं गोपाल की सराहनीय भूमिका रही।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!