जुआ फड़ पर नवेगांव पुलिस का शिकंजा, 3 जुआरी गिरफ्तार

कटुंगी के पास चल रहे जुए पर दबिश, 10 आरोपी मौके से फरार; 5 मोटरसाइकिल समेत ₹3.03 लाख का मशरूका जब्त

निर्मला पहाडे ब्यूरो प्रमुख छिंदवाड़ा

छिंदवाड़ा। जिले में अवैध जुआ-सट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नवेगांव पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कटुंगी गांव के पास टेकड़ी में चल रहे जुआ फड़ पर दबिश दी। पुलिस ने मौके से तीन जुआरियों को गिरफ्तार किया, जबकि 10 आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने नकदी, ताश के पत्ते, एक तिरपाल और पांच मोटरसाइकिलें जब्त की हैं। जब्त मशरूके की कुल कीमत करीब ₹3 लाख 3 हजार 100 रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिलने के बाद 14 सितंबर 2026 को थाना नवेगांव पुलिस ने ग्राम कटुंगी के पास टेकड़ी में दबिश दी। मौके पर जुआ खेलते पाए गए तीन आरोपियों को पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपियों में ओंमकार पिता जेठू भनारे (21), राकेश पिता शनिलाल उइके (22) और मन्नू पिता शनिलाल बरकड़े (30) शामिल हैं। तीनों नवेगांव थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।

₹3,100 नकद और पांच बाइक जब्त

कार्रवाई में पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹3,100 नकद, ताश के पत्ते, एक तिरपाल तथा पांच मोटरसाइकिलें जब्त कीं। पुलिस के मुताबिक जब्त वाहनों समेत कुल मशरूका ₹3,03,100 का है।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ थाना नवेगांव में अपराध क्रमांक 200/2026, धारा 13 जुआ एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया है। मौके से फरार हुए अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस टीम ने की कार्रवाई

कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजन उइके सहित प्रधान आरक्षक जयप्रकाश सैयाम, आरक्षक शारदा, अरुण यादव, रमन सिंह, सलाउद्दीन शेख और वीर सिंह की अहम भूमिका रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।

खबर का असर/संदेश: नवेगांव क्षेत्र में जुए के फड़ पर हुई इस कार्रवाई से अवैध जुआ कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति बताई जा रही है। अब पुलिस के सामने फरार 10 आरोपियों तक पहुंचने और पूरे जुआ नेटवर्क की कड़ियां सामने लाने की चुनौती है।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!