‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम के साथ होगा रक्तदान शिविर
रतलाम। पुलिस दर्पण
रतलाम। सेवा संकल्प अभियान का आयोजन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक किया जाएगा। अभियान के तहत जिलेभर में विभिन्न जनसेवा एवं जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। 17 अक्टूबर को ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम के साथ रक्तदान शिविर का आयोजन भी किया जाएगा। कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने साप्ताहिक अंतरविभागीय समीक्षा बैठक में सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के अंतर्गत प्रस्तावित सभी कार्यक्रमों की आवश्यक तैयारियां समय-सीमा में पूर्ण की जाएं। कलेक्टर श्री कटेसरिया ने बताया कि 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके तहत प्रदेशभर में एक साथ ग्राम पंचायतों, नगर पालिका वार्डों एवं नगर निगम वार्डों में दीप प्रज्वलन किया जाएगा। जहां दीप प्रज्वलन संभव नहीं हो, वहां विशेष लाइटिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। कार्यक्रम की सहयोगी गतिविधि के रूप में रक्तदान शिविर भी आयोजित किया जाएगा।
‘मेरे सपनों का भारत’ में होंगी प्रतियोगिताएं
अभियान के अंतर्गत ‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम के तहत स्कूल, कॉलेज, आईटीआई एवं छात्रावासों में चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि प्रतियोगिताओं की थीम विकास आधारित हो तथा जिले एवं प्रदेश में अब तक हुए विकास कार्यों और उपलब्धियों पर केंद्रित रहे।
इसके साथ ही ‘नमो सेवा’ के अंतर्गत नुक्कड़ नाटक, ‘आंगन मिलन सेवा’ के तहत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आंगनबाड़ियों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अभियान के दौरान कलश यात्रा, सेवा यात्रा, सेवा सेतु अभियान, ‘सेवा के रंग राष्ट्र के संग’ तथा सुशासन सेवा सहित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन भी किया जाएगा। कलेक्टर श्री कटेसरिया ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सेवा संकल्प अभियान के प्रत्येक कार्यक्रम की विभागवार कार्ययोजना तैयार कर आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करें। उन्होंने अभियान को जनभागीदारी के साथ प्रभावी एवं सफल बनाने पर विशेष जोर दिया। बैठक में सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन, अपर कलेक्टर श्री बृजेंद्र रावत सहित संबंधित जिलाधिकारी उपस्थित रहे।

