सिंगोड़ी पुलिस की त्वरित कार्रवाई, ₹60 हजार की मोटरसाइकिल बरामद; एक आरोपी फरार
निर्मला पहाडे ब्यूरो प्रमुख छिंदवाड़ा मध्यप्रदेश
छिंदवाड़ा। सिंगोड़ी चौकी पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के 24 घंटे के भीतर एक आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। मामले में एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम सिंगोड़ी निवासी सुभाष पिता विष्णु साहू (45) ने 4 अगस्त को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह 1 अगस्त की मध्यरात्रि को जन्मदिन के कार्यक्रम में अपनी हीरो होंडा मोटरसाइकिल क्रमांक MP-28-N-9736 से गया था। कार्यक्रम के दौरान उसने मोटरसाइकिल प्रीतम कुशवाह के घर के सामने खड़ी की थी। इसी दौरान अज्ञात व्यक्तिg मोटरसाइकिल चोरी कर फरार हो गया।
शिकायत पर सिंगोड़ी चौकी पुलिस ने अपराध क्रमांक 533/2026, धारा 331(4), 305(क) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय करते हुए संदिग्धों की तलाश शुरू की और महज 24 घंटे के भीतर अंकित पिता बिहारी वर्मा (25), निवासी अमरवाड़ा को दस्तयाब कर लिया।
पूछताछ एवं कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गई हीरो होंडा मोटरसाइकिल, अनुमानित कीमत ₹60 हजार, बरामद कर ली। आरोपी को गिरफ्तारv कर न्यायालय अमरवाड़ा में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, वारदात में शामिल एक अन्य आरोपी अभी फरार है। उसकी तलाश में पुलिस टीम द्वारा संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्री अजय पाण्डे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री आशीष खरे के निर्देशन तथा एसडीओपी श्रीमती कल्याणी वरकड़े और थाना प्रभारी श्री राजेन्द्र धुर्वे के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक पंकज राय, उप निरीक्षक राजकुमार सनोडिया, प्रधान आरक्षक राजकुमार, आरक्षक पीयूष एवं महिला आरक्षक दिव्या की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

