दो मोटरसाइकिलों से पहुंचे थे चार बदमाश, सारणी पुलिस ने तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों से 48 घंटे में किया खुलासा
देवीनाथ लोखंडे सह संपादक पुलिस दर्पण दक्षिण मध्य प्रदेश
बैतूल/सारणी। रात के अंधेरे में सुनसान सड़क पर राहगीर को घेरकर लूट की सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने वाले चार आरोपियों को सारणी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने कथित तौर पर राहगीर को डराया-धमकाया, मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर मोबाइल के माध्यम से 50 हजार रुपये जबरन ट्रांसफर कराए। इसके अलावा मोबाइल फोन और 4,500 रुपये नकद भी लूट लिए गए।
पुलिस के मुताबिक वारदात के बाद आरोपी दो मोटरसाइकिलों से फरार हो गए थे। पुलिस टीम ने तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करते हुए 48 घंटे के भीतर चारों को गिरफ्तार कर लिया।
कार से उतरते ही चार बदमाशों ने घेरा
पुलिस के अनुसार फरियादी संजीव त्रिपाठी (57), निवासी सारणी ने 15 अगस्त को थाना सारणी में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 14 अगस्त को वे कार से जुन्नारदेव से सारणी आ रहे थे। खैरवानी के पास ग्राम तेंदूखेड़ा के समीप मेन रोड पर वे पेशाब करने के लिए कार से नीचे उतरे।
इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार व्यक्ति वहां पहुंचे और फरियादी को घेर लिया। आरोप है कि बदमाशों ने उन्हें डराया-धमकाया, मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी देकर मोबाइल के माध्यम से 50 हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए। इसके बाद मोबाइल फोन और 4,500 रुपये नकद लेकर मौके से फरार हो गए।
मामला दर्ज होते ही पुलिस ने शुरू की घेराबंदी
फरियादी की रिपोर्ट पर थाना सारणी में अपराध क्रमांक 256/26, धारा 309(4) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बैतूल वीरेन्द्र जैन ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपुसे एवं एसडीओपी सारणी प्रियंका करचाम के मार्गदर्शन में सारणी पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों से मिले तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्यों का बारीकी से विश्लेषण किया। लगातार प्रयास के बाद पुलिस आरोपियों तक पहुंच गई।
17 अगस्त को चारों आरोपी पुलिस के शिकंजे में
पुलिस ने घटना में शामिल चार आरोपियों को 17 अगस्त को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में—
- आनंद पिता रमेश उईके, उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्राम ढोकली
- सुभाष उर्फ अमन पिता कृष्णा बेलवंशी, उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्राम ढोकली
- कपिल पिता पिरमू धुर्वे, उम्र 21 वर्ष, निवासी ढमकीभाटा, खैरवानी
- विनय पिता किसना धुर्वे, उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्राम तीरभाटा
शामिल हैं।
नकदी, मोबाइल और दो बाइक बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात से संबंधित 01 मोबाइल फोन, 50 हजार रुपये नगद तथा घटना में इस्तेमाल की गई प्लेटिना और स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की हैं।
इनकी रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जयपाल इनवाती, उपनिरीक्षक प्रीति पालेवर, प्रधान आरक्षक श्रीराम उईके तथा आरक्षक मोहित भाटी, जितेन्द्र जाट और सुभाष की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस की अपील—सुनसान रास्तों पर रहें सतर्क
पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन ने नागरिकों से अपील की है कि रात के समय सुनसान और निर्जन मार्गों पर विशेष सावधानी बरतें। किसी अपरिचित व्यक्ति द्वारा रोकने अथवा संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।
उन्होंने नागरिकों को यह भी चेताया कि अनजान व्यक्तियों के कहने पर ऑनलाइन रुपये ट्रांसफर न करें तथा मोबाइल, बैंकिंग और व्यक्तिगत जानकारी किसी अपरिचित व्यक्ति को साझा न करें।
सारणी पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से साफ है कि वारदात के बाद आरोपी भले ही फरार हो जाएं, लेकिन तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के जरिए पुलिस उनके पीछे पहुंच सकती है। 48 घंटे में चार आरोपियों की गिरफ्तारी को पुलिस ने लूट की वारदात के त्वरित खुलासे के रूप में बताया है।

