सूने मकान का ताला तोड़कर उड़ाए थे सोने-चांदी के जेवर और नकदी, करीब 4 लाख का माल बरामद
निर्मला पहाडे ब्यूरो प्रमुख पुलिस दर्पण छिंदवाड़ा
छिंदवाड़ा। अमरवाड़ा थाना पुलिस ने सूने मकान में हुई चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 4 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त होंडा मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार ग्राम मरकावाड़ा निवासी राजा कुमार यादव ने 29 जुलाई को अमरवाड़ा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि 28 जुलाई की दोपहर से 29 जुलाई की सुबह के बीच परिवार के बाहर रहने का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने सूने मकान का ताला तोड़ दिया और सोने-चांदी के आभूषण, नकदी तथा मोबाइल चोरी कर लिया। मामले में अपराध क्रमांक 508/2026 के तहत बीएनएस की धारा 331(4), 305(ए) में प्रकरण दर्ज किया गया था।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक छिंदवाड़ा अजय पाण्डेय और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे के निर्देशन तथा एसडीओपी अमरवाड़ा कल्याणी वरकड़े के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेन्द्र धुर्वे के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात करना स्वीकार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मौसम उर्फ शशांक निर्मलकर (20), अभिषेक डेहरिया (19) और अंशुल उर्फ शिवांश डेहरिया (20), सभी निवासी ग्राम जाम, थाना लखनवाड़ा, जिला सिवनी के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों से नगदी एवं सोने-चांदी के आभूषण, एक इनफिनिक्स मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त होंडा मोटरसाइकिल जब्त की है। तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेन्द्र धुर्वे, उप निरीक्षक विजेन्द्र मार्को, सहायक उप निरीक्षक ब्रजभानसा नर्रे, प्रधान आरक्षक जयसिंह बघेल, आरक्षक करण रघुवंशी और महिला आरक्षक योगेश्वरी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

