नशे में धुत नाबालिग ने 90 की रफ्तार से मारी टक्कर, स्कूटी सवार की मौत; बेटा गंभीर

भोपाल। पुलिस दर्पण

भोपाल। कोलार थाना क्षेत्र के अंकित परिसर में मंगलवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। तेज रफ्तार इनोवा कार ने स्कूटी सवार पिता-पुत्र को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी चालक सुधांशु की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका बेटा माधव गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में उपचार जारी है। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद सुधांशु का अंतिम संस्कार किया जाएगा।

नशे में होने की प्रारंभिक जानकारी, नाबालिग चालक हिरासत में

पुलिस के अनुसार हादसा मंगलवार रात करीब 10:30 बजे हुआ। प्रारंभिक जांच में कार चालक के नशे में होने की जानकारी सामने आई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि मेडिकल परीक्षण की रिपोर्ट के बाद होगी। पुलिस ने बताया कि चालक नाबालिग है और उसे हिरासत में लिया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इनोवा की रफ्तार बेहद तेज थी। बताया जा रहा है कि वाहन ने नियंत्रण खोने से पहले रास्ते में कई लोगों को चपेट में लिया और इसके बाद स्कूटी को जोरदार टक्कर मारी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

90 किमी प्रति घंटे पर अटका मिला स्पीडोमीटर

पुलिस की प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक दुर्घटनाग्रस्त इनोवा का स्पीडोमीटर करीब 90 किलोमीटर प्रति घंटे पर अटका मिला है। इससे पुलिस वाहन की तेज रफ्तार को लेकर जांच कर रही है। घटना स्थल और आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं तथा प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी लिए जा रहे हैं।

बताया जा रहा है कि नाबालिग चालक पार्टी में जाने के लिए किसी परिचित से कार लेकर आया था। हादसे के बाद वाहन में एक खाली और एक भरी हुई शराब की बोतल सहित डिस्पोजल मिलने की बात सामने आई है। हालांकि इन तथ्यों की पुष्टि पुलिस जांच और मेडिकल रिपोर्ट से होना बाकी है।

हादसे के बाद लोगों का फूटा गुस्सा

भीषण दुर्घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। आक्रोशित लोगों ने कार में तोड़फोड़ भी की। टक्कर के बाद इनोवा के एयरबैग खुल गए, जिससे कार चालक की जान बच गई।

घायल माधव को तत्काल निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं सुधांशु को अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस जुटा रही हादसे से जुड़े सभी साक्ष्य

कोलार थाना पुलिस ने वाहन को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस नाबालिग चालक की मेडिकल जांच, CCTV फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और दुर्घटना से जुड़े अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

एक हादसा… उजड़ गया परिवार: सुधांशु की मौत से पत्नी की मांग का सिंदूर उजड़ गया और बेटे माधव के सिर से पिता का साया उठ गया। अब परिवार बुधवार को अंतिम संस्कार की तैयारी में जुटा है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!