अमरवाड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: सूने मकान का ताला तोड़कर लाइसेंसी रिवॉल्वर और कारतूस चुराने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार

चोरी की गई .32 बोर रिवॉल्वर और 10 राउंड कारतूस बरामद, पूछताछ में आरोपियों ने कबूली वारदात

निर्मला पहाडे ब्यूरो प्रमुख छिंदवाड़ा

छिंदवाड़ा/अमरवाड़ा। अमरवाड़ा थाना पुलिस ने सूने मकान में चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई लाइसेंसी .32 बोर रिवॉल्वर और 10 राउंड कारतूस बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार 5 सितंबर 2026 को वार्ड क्रमांक 06 अमरवाड़ा निवासी महीपाल सिंह ठाकुर ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके किराए के मकान, जिसे मोनिका बड़दे को किराए पर दिया गया था, में अज्ञात चोरों ने प्रवेश कर चोरी की। चोरों ने दीवान पलंग में रखी मोनिका बड़दे के नाम की लाइसेंसी .32 बोर रिवॉल्वर तथा कवर में रखे 10 राउंड कारतूस चोरी कर लिए थे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक छिंदवाड़ा अजय पांडेय एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे के निर्देशन में थाना प्रभारी अमरवाड़ा निरीक्षक राजेन्द्र धुर्वे के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।

जांच के दौरान पुलिस ने तीन संदिग्धों को पुलिस राउंडअप में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने सूने मकान का ताला तोड़कर जेवरात और नकदी चोरी करने की नीयत से मकान में घुसना तथा रिवॉल्वर व कारतूस चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई रिवॉल्वर और 10 कारतूस बरामद किए गए।

गिरफ्तार आरोपी

  1. विकास उर्फ सुमित वर्मा, पिता बब्बू वर्मा, उम्र 18 वर्ष, वार्ड नंबर 09, गांधी चौक, अमरवाड़ा।
  2. सुनील उर्फ सत्यम कहार, पिता सुरेश कहार, उम्र 19 वर्ष, वार्ड नंबर 09, दीमरी मोहल्ला, अमरवाड़ा।
  3. देव उर्फ देवांश कहार, पिता मनोहर कहार, उम्र 19 वर्ष, वार्ड नंबर 09, दीमरी मोहल्ला, अमरवाड़ा।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 595/2026, धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया है।

कार्रवाई में निरीक्षक राजेन्द्र धुर्वे, प्रधान आरक्षक जयसिंह बघेल, आरक्षक करण खुबशानी, आरक्षक नरेंद्र मनोडिया सहित साइबर सेल के आरक्षक नितिन एवं आरक्षक आदित्य की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!