गुना। पुलिस दर्पण
गुना। रक्षाबंधन से महज पांच दिन पहले एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां मातम में बदल दीं। भाई की कलाई पर राखी बांधने और उससे मिलने की खुशी लेकर निकली 71 वर्षीय श्रीबाई यादव की सड़क हादसे में मौत हो गई। श्रीबाई अपने नाती कान्हा के साथ बाइक से भाई के घर जा रही थीं। रास्ते में तेज रफ्तार जीप ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में श्रीबाई की मौत हो गई, जबकि नाती कान्हा घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, आरोन क्षेत्र के बरखेड़ा सफा निवासी श्रीबाई यादव रविवार दोपहर रक्षाबंधन के अवसर पर अपने भाई से मिलने के लिए नाती कान्हा के साथ बाइक से बदरवास क्षेत्र के यजबारे गांव के लिए रवाना हुई थीं। हाथ में राखी और मन में भाई से मिलने की खुशी थी। परिवार में भी रक्षाबंधन को लेकर तैयारियां चल रही थीं।
लेकिन जिले की सीमा के पास पहुंचते ही तेज रफ्तार जीप ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सड़क पर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर दोनों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद श्रीबाई यादव को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल नाती कान्हा को उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। हादसे की खबर जैसे ही परिवार तक पहुंची, रक्षाबंधन की खुशियां देखते ही देखते मातम में बदल गईं।
भाई की कलाई पर राखी बांधने की हसरत रह गई अधूरी
श्रीबाई यादव भाई से मिलने और उसकी कलाई पर राखी बांधने की उम्मीद लेकर घर से निकली थीं, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। जिस भाई को अपनी बहन के आने का इंतजार था, उसके घर राखी लेकर बहन नहीं पहुंच सकी। हादसे ने भाई-बहन के इस पवित्र रिश्ते के पर्व से पहले ही परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।
पुलिस ने जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया। आवश्यक कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। हादसे के बाद पूरे परिवार में शोक का माहौल है।

