गुना पुलिस का बड़ा एक्शन: 17 लाख की सनसनीखेज लूट का 18 घंटे में खुलासा

गुना / ग्वालियर | पुलिस दर्पण

गुना । पुलिस ने महज 18 घंटे के भीतर 17 लाख रुपये की सनसनीखेज लूट का पर्दाफाश कर प्रदेश में त्वरित पुलिस कार्रवाई का बेहतरीन उदाहरण पेश किया है। पुलिस ने लूट को अंजाम देने वाले दो मुख्य आरोपियों सहित उन्हें फरार कराने वाले और मुखबिरी करने वाले कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई लगभग पूरी रकम 16 लाख 77 हजार 100 रुपये और घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार भी बरामद कर ली गई है।

पुलिस महानिरीक्षक ग्वालियर जोन अरविन्द सक्सेना, पुलिस उपमहानिरीक्षक डॉ. असित यादव तथा पुलिस अधीक्षक हितिका वासल के निर्देशन में गठित विशेष टीमों ने तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और वैज्ञानिक जांच के आधार पर यह उल्लेखनीय सफलता हासिल की।

आंखों में स्प्रे कर लूटे थे 17 लाख रुपये

8 जुलाई 2026 को गुना शहर के निचला बाजार रपटे के पास कुंभराज के धनिया व्यापारी के कर्मचारी वासुदेव शर्मा से तीन बदमाशों ने आंखों में स्प्रे कर 17 लाख रुपये से भरा बैग लूट लिया था। पीड़ित ने बताया कि वह पचोर और गुना से व्यापारिक कलेक्शन लेकर कुंभराज जा रहा था, तभी वारदात को अंजाम दिया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर छह विशेष टीमें गठित कीं। आईजी अरविन्द सक्सेना ने आरोपियों की गिरफ्तारी पर 30 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया।

सीसीटीवी और तकनीकी जांच से खुली साजिश

जांच के दौरान पुलिस ने शहरभर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तकनीकी विश्लेषण किया और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच में सामने आया कि आरोपी हीरो सीडी डीलक्स मोटरसाइकिल से वारदात को अंजाम देकर फरार हुए थे।

महज 18 घंटे के भीतर पुलिस ने मुख्य आरोपी सौरभ यादव (विदिशा) और राघव शर्मा (आरोन) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने अपने साथी रूद्र गोस्वामी के साथ मिलकर वारदात करना स्वीकार किया।

मुखबिरी करने वाला और फरार कराने वाला भी गिरफ्तार

पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपियों को व्यापारी के कर्मचारी की गतिविधियों की जानकारी विजय उर्फ संजीव यादव ने दी थी। वहीं वारदात के बाद आरोपियों को फरार कराने के लिए राहुल जाटव ने अपनी स्विफ्ट कार उपलब्ध कराई, जिसके बदले उसे 50 हजार रुपये दिए गए थे।

पुलिस ने राहुल जाटव को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 50 हजार रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त स्विफ्ट कार (MP08 ZJ 4553) जब्त कर ली। मुखबिरी करने वाले विजय उर्फ संजीव यादव को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

फरार आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस ने बताया कि इस मामले में मुख्य आरोपी रूद्र गोस्वामी सहित एक अन्य आरोपी अभी फरार है। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

गुना पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में लूट, डकैती, चोरी और अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। आधुनिक तकनीक, वैज्ञानिक विवेचना और मजबूत सूचना तंत्र के माध्यम से अपराधियों को कानून के शिकंजे तक पहुंचाना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!