रतलाम। पुलिस दर्पण
रतलाम। कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया के मार्गदर्शन में जिले में बाल अधिकारों के संरक्षण और प्रत्येक बालक को सुरक्षित एवं स्नेहपूर्ण पारिवारिक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में एक और सुखद पहल सामने आई है। कलेक्टर कार्यालय में दत्तक ग्रहण संबंधी प्रकरण में आदेश जारी कर शिशु गृह रतलाम में निवासरत बालक वेद (परिवर्तित नाम) को विधिवत दत्तक ग्रहण हेतु उसके दत्तक माता-पिता के सुपुर्द किया गया।
इस भावुक अवसर पर कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने बालक को वात्सल्य भाव से दुलारा और स्नेह एवं आशीर्वाद प्रदान किया। उन्होंने बालक के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उसे अपने हाथों से स्नेहपूर्वक दुलारा। इस दौरान कलेक्टर कार्यालय का वातावरण अपनत्व और वात्सल्य की भावनाओं से भावुक नजर आया।
दत्तक ग्रहण के बाद बालक को ऐसा परिवार मिला है, जहां उसे प्रेम, सुरक्षा, अपनापन और पारिवारिक स्नेह के साथ बचपन बिताने का अवसर मिलेगा। दत्तक माता-पिता ने बालक का पालन-पोषण पूरे स्नेह एवं जिम्मेदारी के साथ करने तथा उसे बेहतर शिक्षा, संस्कार और उज्ज्वल भविष्य प्रदान करने का संकल्प व्यक्त किया।
हर बच्चे को परिवार का प्यार मिलना उसका अधिकार : कलेक्टर
कलेक्टर श्री कटेसरिया ने कहा कि प्रत्येक बालक को परिवार का प्यार, संरक्षण और सुरक्षित वातावरण मिलना उसका अधिकार है। दत्तक ग्रहण केवल एक कानूनी प्रक्रिया नहीं, बल्कि किसी बालक को परिवार, अपनापन और जीवनभर का स्नेह देने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि बाल अधिकारों के संरक्षण तथा बालकों को सुरक्षित एवं प्रेमपूर्ण पारिवारिक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में दत्तक ग्रहण की प्रक्रिया अत्यंत महत्वपूर्ण है। बालक के नवीन परिवार को सौंपे जाने के इस अवसर ने यह संदेश भी दिया कि संवेदनशील प्रयासों के माध्यम से जरूरतमंद बच्चों को सुरक्षित भविष्य और परिवार का स्नेह प्रदान किया जा सकता है।

