जिला जेल बैतूल का औचक निरीक्षण, बंदियों के सामान की सघन तलाशी

रायसेन जेल की घटना के बाद बढ़ाई गई सतर्कता, तलाशी में मोबाइल, नशा, हथियार समेत कोई प्रतिबंधित सामग्री नहीं मिली

देवीनाथ लोखंडे सह संपादक दक्षिण मध्यप्रदेश

बैतूल। रायसेन जेल में हुई गंभीर घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बैतूल प्रशासन भी अलर्ट मोड पर है। इसी के तहत 2 सितंबर 2026 को कलेक्टर संजय सोनवणे और पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन ने जिला जेल बैतूल का संयुक्त औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था से लेकर बंदियों की बैरकों तक का जायजा लिया और बंदियों के सामान एवं बिस्तरों की सघन चेकिंग कराई।

निरीक्षण के दौरान जेल की बैरकों, साफ-सफाई, भोजन व्यवस्था, बंदियों के रिकॉर्ड, प्रवेश-निकास व्यवस्था और सीसीटीवी निगरानी की जांच की गई। अधिकारियों ने जेल प्रबंधन को सुरक्षा व्यवस्था और व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

बैरकों में चला सघन तलाशी अभियान

रायसेन जिले में हुई घटना को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर और एसपी के निर्देश पर पुलिस बल ने जेल की बैरकों में बंदियों के सामान और बिस्तरों की सघन तलाशी ली। तलाशी के दौरान नशीले पदार्थ, धूम्रपान सामग्री, अवैध कट्टा, चाकू, मोबाइल फोन अथवा अन्य प्रतिबंधित सामग्री नहीं मिली।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जेल की सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सुरक्षा के मद्देनजर इस प्रकार की चेकिंग आगे भी नियमित रूप से जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

आगंतुकों के रिकॉर्ड भी खंगाले

निरीक्षण के दौरान जेल के मुख्य प्रवेश द्वार पर आगंतुकों के प्रवेश एवं निकासी रजिस्टर की जांच की गई। बंदियों से मिलने आने वाले परिजनों एवं अन्य आगंतुकों के रिकॉर्ड का भी अवलोकन किया गया। अधिकारियों ने रिकॉर्ड के विधिवत संधारण और प्रवेश-निकास व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक योगेंद्र तिवारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश खरपुसे, एसडीओपी बैतूल अन्नपूर्णा सिरसाम, डीएसपी महिला सेल दुर्गेश आर्मों, गंज थाना प्रभारी नीरज पाल, प्रभारी सीन ऑफ क्राइम निरीक्षक आबिद अंसारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

भविष्य में भी होंगे औचक निरीक्षण

कलेक्टर एवं एसपी ने जेल प्रबंधन को नियमित चेकिंग, साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और सभी आवश्यक अभिलेखों का विधिवत संधारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि सुरक्षा के दृष्टिगत जिला जेल का औचक निरीक्षण भविष्य में भी किया जाता रहेगा।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!