600 से अधिक लोगों ने लिया जागरूकता का संकल्प।
पुलिस दर्पण / संवाददाता देवीनाथ लोखंडे
SAFE CLICK–2.0 अभियान के तहत निकाली गई जागरूकता रैली, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश खरपुसे ने दिलाई साइबर सुरक्षा की शपथ।
बैतूल। डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों से बचाव के लिए जिला पुलिस बैतूल ने मंगलवार को SAFE CLICK–2.0 अभियान के अंतर्गत भव्य Cyber Safety Walk का आयोजन किया। पुलिस ग्राउंड से शुरू हुई इस जागरूकता रैली में पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों, सिंहस्थ–2028 प्रशिक्षण में शामिल अधिकारी-कर्मचारियों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं, मीडिया प्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों सहित करीब 500 से 600 लोगों ने भाग लेकर साइबर सुरक्षा का संदेश जन-जन तक पहुंचाया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश खरपुसे ने कहा कि डिजिटल दुनिया में छोटी-सी लापरवाही भी बड़ी साइबर ठगी का कारण बन सकती है। उन्होंने लोगों से साइबर सुरक्षा के नियमों का पालन करने और अपने परिवार व समाज को भी जागरूक करने की अपील की।
इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों को साइबर सुरक्षा की शपथ दिलाई गई, जिसमें उन्होंने स्वयं सुरक्षित रहने के साथ-साथ दूसरों को भी साइबर अपराधों से बचने के लिए जागरूक करने का संकल्प लिया। इसके बाद पुलिस ग्राउंड से शुरू हुई Cyber Safety Walk जिला चिकित्सालय, मुल्ला पेट्रोल पंप, शिवाजी चौक और स्टेडियम मार्ग से होते हुए पुनः पुलिस ग्राउंड पहुंची। रैली के दौरान प्रतिभागियों ने हाथों में साइबर सुरक्षा संबंधी तख्तियां लेकर “सोचें, समझें, फिर क्लिक करें” तथा “साइबर सुरक्षित रहें, साइबर अपराध से बचें” जैसे संदेशों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया।
कार्यक्रम में एसडीओपी अन्नपूर्णा सिरसाम, डीएसपी (अजाक) शैफा हाशमी, थाना प्रभारी गंज निरीक्षक नीरज पाल, रक्षित निरीक्षक दिनेश मार्सकोले, साइबर सेल प्रभारी उप निरीक्षक अश्विनी चौधरी, सूबेदार नवीन सोनकर, साइबर सेल टीम सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी, विद्यार्थी और नागरिक मौजूद रहे।
पुलिस ने इस दौरान राष्ट्रीय साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल और 1930 साइबर हेल्पलाइन की जानकारी भी दी तथा बताया कि किसी भी साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत शिकायत दर्ज कराना बेहद जरूरी है। लोगों से अपील की गई कि किसी भी अनजान कॉल, संदिग्ध लिंक, APK फ़ाइल, QR कोड या OTP साझा करने से पहले पूरी तरह सत्यापन करें।
बैतूल पुलिस का संदेश:
“साइबर सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक की साझा जिम्मेदारी है। जागरूक रहें, सतर्क रहें और सुरक्षित डिजिटल भारत के निर्माण में अपनी भागीदारी निभाएं।”

