लंबित मामलों की समीक्षा कर अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा और फरियादियों की शिकायतों के त्वरित निराकरण के दिए निर्देश
देवीनाथ लोखंडे सह संपादक दक्षिण मध्यप्रदेश
बैतूल। जिले में कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्री वीरेन्द्र जैन ने शुक्रवार 11 सितंबर को थाना बीजादेही का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाने की रिकॉर्ड व्यवस्था, सुरक्षा इंतजामों और लंबित कार्यों की बारीकी से समीक्षा की तथा थाना प्रभारी सहित पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाने में संधारित विभिन्न रजिस्टरों एवं अभिलेखों, बंदीकरण व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की स्थिति, जप्त सामग्री एवं वाहनों के रखरखाव तथा उनके नियमानुसार निराकरण की प्रक्रिया का जायजा लिया। थाना परिसर की सुरक्षा व्यवस्था, बाउंड्रीवॉल सहित अन्य व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया गया।
अपराधियों पर रखें कड़ी नजर
पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारी निरीक्षक पुरुषोत्तम मीणा एवं पुलिसकर्मियों को क्षेत्र में कानून व्यवस्था पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने असामाजिक तत्वों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने तथा अपराधों की रोकथाम के लिए सक्रिय पुलिसिंग पर जोर दिया।
महिला-बालिका संबंधी शिकायतों को प्राथमिकता
एसपी ने महिला एवं बालिकाओं से संबंधित शिकायतों को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ लेने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि पीड़ितों को समय पर न्याय और सुरक्षा मिल सके।
फरियादियों से विनम्र व्यवहार के निर्देश
निरीक्षण के दौरान पुलिसकर्मियों को कर्तव्यों का निर्वहन निष्ठा, ईमानदारी और अनुशासन के साथ करने की हिदायत दी गई। वर्दी निर्धारित मापदंड के अनुरूप साफ-सुथरी रखने तथा थाने में आने वाले पीड़ितों और आवेदकों की शिकायतों को विनम्रता से सुनकर नियमानुसार शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए गए।
एसपी ने थाना परिसर एवं सभी अभिलेखों को व्यवस्थित और अद्यतन रखने पर भी विशेष जोर दिया।

